रांची
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) रांची महानगर के प्रतिनिधिमंडल ने रांची विश्वविद्यालय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (नया नाम वीर बुधु भगत विश्वविद्यालय) के कुलपतियों से मुलाकात कर छात्रहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विश्वविद्यालय परिसरों में प्रस्तावित गतिविधियों और छात्रों से संबंधित समस्याओं को विस्तार से रखा।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे महानगर मंत्री तुषार दुबे ने रांची विश्वविद्यालय के कुलपति से इंस्टिट्यूट ऑफ लीगल स्टडीज (ILS) में नए छात्रों के नामांकन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की। साथ ही, विश्वविद्यालय और इसके अधीनस्थ कॉलेजों में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) को लेकर अंतिम वर्ष के छात्रों में उत्पन्न असमंजस को दूर करने के लिए सेमिनार आयोजित करने का सुझाव दिया। खिलाड़ियों के लिए समुचित खेल सामग्री और अवसर सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण
अभाविप की नगर सह मंत्री रौशनी मुंडा ने छात्राओं के लिए “मिशन साहसी” कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत छात्राओं को निःशुल्क आत्मरक्षा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अधिक आत्मविश्वास के साथ सुरक्षित रह सकें।
अभाविप प्रदेश मीडिया संयोजक गुड्डू राय ने बताया कि ग्रीष्मकालीन गतिविधियों के तहत रांची विश्वविद्यालय और डीएसपीएमयू के परिसरों में “सकोरा अभियान” चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत पशु-पक्षियों के लिए जल पात्र (सकोरा) लगाए जाएंगे, जिससे छात्रों में प्रकृति, पर्यावरण और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का भाव विकसित किया जा सके।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय कार्य समिति सदस्य दिशा दित्या, महानगर सह मंत्री शिवम लोहरा और रौशनी मुंडा, नगर छात्रा सह प्रमुख संजना राज, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य साक्षी कुमारी भगत, खेलो भारत संयोजक गोपाल चौहान, गौतम कुमार और सुनील कुमार उपस्थित थे।