logo

शराब घोटाले में ACB का एक और एक्शन, गोवा से गिरफ्तार नवीन केडिया को झारखंड लाने की कवायद तेज; मामले में छठी गिरफ्तारी

wine.jpg

रांची

झारखंड शराब घोटाला मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारी नवीन केडिया को गोवा से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के साथ ही ACB ने उसे ट्रांजिट रिमांड पर झारखंड लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जहां उससे शराब नीति घोटाले को लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
ACB के अनुसार, नवीन केडिया लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। उसने अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट का रुख भी किया था, लेकिन इसी बीच ACB ने उसे गोवा से पकड़ लिया। अब रांची लाकर उसे रिमांड पर लेकर घोटाले से जुड़े कई अहम पहलुओं की जांच की जाएगी। मामला उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के पूर्व प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे के कार्यकाल से जुड़ा है। मई 2022 में लागू की गई उत्पाद नीति के दौरान छत्तीसगढ़ के शराब कारोबारियों और प्लेसमेंट एजेंसियों को झारखंड में काम देने का आरोप है। जांच में सामने आया है कि इन कारोबारियों से कमीशन के तौर पर मोटी रकम ली गई थी।


ACB की जांच में नवीन केडिया को इस पूरे नेटवर्क का अहम कड़ी माना जा रहा है। उसे पूर्व प्रधान सचिव विनय कुमार चौबे का करीबी बताया जा रहा है। एजेंसी को उम्मीद है कि उसकी गिरफ्तारी से शराब घोटाले में शामिल अन्य अधिकारियों, कारोबारियों और एजेंसियों के बारे में भी अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
गौरतलब है कि 13 अक्टूबर 2025 के बाद से यह इस मामले में छठी गिरफ्तारी है। इससे पहले अहमदाबाद, बिलासपुर और ठाणे से प्लेसमेंट एजेंसियों और शराब कारोबार से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। ACB का कहना है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी खुलासे हो सकते हैं।

Tags - Liquor Scam Naveen Kedia ACB Jharkhand Transit Remand Excise Policy