logo

ACB ने हिमांशु कुमार को किया तलब, चंद्रप्रकाश चौधरी और नवीन जायसवाल की संपत्ति से जुड़ा है मामला

ोोतद.jpg

द फॉलोअप डेस्क
ACB ने सोमवार को शिकायतकर्ता हिमांशु कुमार को पूछताछ के लिए तलब किया। मामला आजसू सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और भाजपा विधायक नवीन जायसवाल की संपत्ति से जुड़ा बताया गया है। हिमांशु कुमार ने पूर्व में दोनों जनप्रतिनिधियों के खिलाफ ACB कार्यालय में लिखित शिकायत की थी। शिकायत के आधार पर अब उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

चुनावी हलफनामे में गलत जानकारी देने का आरोप 
शिकायतकर्ता हिमांशु कुमार ने आरोप लगाया है कि चंद्रप्रकाश चौधरी और नवीन जायसवाल ने निर्वाचन आयोग के समक्ष दाखिल चुनावी हलफनामे में अपनी संपत्ति से संबंधित गलत जानकारी दी है। हिमांशु का दावा है कि चंद्रप्रकाश चौधरी ने बड़गाईं में बने अपने आवास की जमीन और मकान का मूल्य वास्तविक कीमत से काफी कम दर्शाया है। इसी तरह का आरोप उन्होंने विधायक नवीन जायसवाल पर भी लगाया है।

मकान आवंटन पर भी उठे सवाल 
शिकायत में नवीन जायसवाल के हरमू स्थित आवास के आवंटन पर भी सवाल उठाए गए हैं। हिमांशु कुमार का आरोप है कि गलत जानकारी देकर हरमू हाउसिंग बोर्ड से मकान आवंटित कराया गया। उनका कहना है कि नियम के अनुसार जिन आवेदकों का अपना मकान हाउसिंग बोर्ड की कॉलोनी से सात किलोमीटर के दायरे में पहले से है, उन्हें बोर्ड की ओर से जमीन या मकान आवंटित नहीं किया जा सकता। शिकायतकर्ता के अनुसार नवीन जायसवाल का अपना मकान इसी दायरे में स्थित है। उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की है।

Tags - ACB Jharkhand Himanshu Kumar Chandraprakash Choudhary Naveen Jaiswal Property Dispute