द फॉलोअप डेस्क, रांची
ADG SSP Review JSCA Security Arrangements: रांची के जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को होने वाले भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी20 मैच को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। ADG मनोज कौशिक (Manoj Kaushik) के साथ रांची एसएसपी राकेश रंजन (Rakesh Ranjan) ने स्टेडियम और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया।
इस दौरान प्रवेश और निकास, पार्किंग, यातायात व्यवस्था, दर्शकों और खिलाड़ियों की सुरक्षा के साथ आपातकालीन तैयारियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मैच के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

7 को दोनों टीमों के खिलाड़ी पहुंचेंगे रांची
9 अक्टूबर को रांची के JSCA अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी20 मुकाबले को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मैच को लेकर दर्शकों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। 5 अक्टूबर से टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है, जो 6 अक्टूबर शाम 4 बजे तक चलेगी। 7 अक्टूबर को दोनों टीमों के खिलाड़ी रांची पहुंचेंगे। खिलाड़ियों के होटल रेडिशन ब्लू से लेकर JSCA स्टेडियम तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। रांची पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।