नंदलाल तुरी
पाकुड़ समाहरणालय स्थित सभागार में आज उपायुक्त मनीष कुमार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर आदि कर्मयोगी अभियान की प्रगति और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों के साथ साझा की। उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि आदि कर्मयोगी अभियान भारत सरकार की एक महत्त्वाकांक्षी योजना है। इसका मुख्य उद्देश्य आदिवासी बहुल ग्रामों में आत्मनिर्भरता, सेवा भावना और समर्पण के साथ सतत विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने जानकारी दी कि इस अभियान के अंतर्गत जिले में आदिवासी बहुल गाँवों का चयन किया गया है, जहाँ कम से कम 20 "आदि कर्मयोगी" जिनमें आदि साथी, आदि सहयोगी और आदि कर्मयोगी शामिल हैं का गठन किया गया है। उपायुक्त ने बताया कि देशभर में कुल 1 लाख गाँवों में 20 लाख कर्मयोगियों के माध्यम से यह पहल संचालित की जा रही है। इसका मूल उद्देश्य ग्राम स्तर पर सेवा, संकल्प और समर्पण भाव के साथ जनभागीदारी आधारित विकास को सशक्त बनाना है।
डीसी मनीष कुमार ने कहा कि 2020 के विजन डॉक्यूमेंट के अनुरूप प्रत्येक गाँव के लिए विलेज एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है। इस योजना में गाँव की वास्तविक आवश्यकताओं, संसाधनों और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखा गया है। उन्होंने बताया कि पहले धनबाद में मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया गया, तत्पश्चात ब्लॉक स्तर पर ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन किया गया ताकि अभियान का सही संदेश गाँव-गाँव तक पहुँचे।
उपायुक्त ने आगे बताया कि 6 सितंबर से ही सभी गाँवों में अभियान की गतिविधियाँ शुरू हुईं। 15 दिवसीय कार्यक्रम के दौरान 2 अक्टूबर तक जिले के लगभग 400 गाँवों में विशेष ग्राम सभाएँ आयोजित की गईं। इन सभाओं में ग्रामीणों ने विकास से संबंधित अपने सुझाव दिए। इन ग्राम सभाओं से प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर अब विलेज एक्शन प्लान तैयार किया जा रहा है, जिनमें से लगभग सभी योजनाएँ अंतिम चरण में हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि आदि सेवा केंद्रों को सक्रिय किया गया है और कई पंचायत भवनों में इन केंद्रों को सशक्त बनाने की दिशा में कार्य चल रहा है। अभियान के तहत पौधारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता, शिक्षा संवर्धन, नशामुक्ति, और कौशल प्रशिक्षण जैसी गतिविधियों को भी विशेष रूप से प्रोत्साहित किया गया है। उपायुक्त मनीष कुमार ने मीडिया से आग्रह किया कि वे इस अभियान की सशक्त जानकारी आम जनता तक पहुँचाएँ, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से इस मिशन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जा सके।
जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की प्रतिनिधि सुचिस्मिता सेनगुप्ता ने बताया कि 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित आदि सेवा पर्व के अंतर्गत पूरे देश में प्रत्येक गाँव के लिए विकास योजनाओं का निर्माण किया गया। सेनगुप्ता ने कहा कि इस अभियान में देशभर में 20 लाख से अधिक वालंटियरों को प्रशिक्षित किया गया। उन्होंने पुष्टि की कि पाकुड़ जिले में कुल 400 गाँवों का विलेज डेवलपमेंट प्लान तैयार है। उन्होंने पाकुड़ जिले के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ आदि सेवा कार्य प्रभावी रूप से संचालित हो रहे हैं।