रांची
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस द्वारा भाजपा पर राज्यसभा चुनाव के दौरान हॉर्स ट्रेडिंग करने के आरोप पर करारा प्रहार किया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, लोकलाज से चलता है लेकिन कांग्रेस ने लोकलाज की सारी मर्यादाओं को लांघने का काम किया है। आदित्य साहू ने कांग्रेस से सवाल पूछा है कि उनकी पार्टी के और बीजेपी के कितने सदस्य झारखंड विधानसभा में हैं। झारखंड में कांग्रेस से कहीं अधिक सदस्य भारतीय जनता पार्टी के हैं। 16 विधायक रखकर कांग्रेस खुद हॉर्स ट्रेडिंग करने का काम कर दूसरे को उपदेश देने का काम रही है। कांग्रेस बतलाये कि वह 28 सदस्य कैसे पूरा करेगी । यह लोग खरीद फरोख्त करने का काम कर रहे हैं और उल्टा बीजेपी को आंख दिखाने का काम कर रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी पैसे की राजनीति नहीं करती है, खरीद फरोख्त पर हमारी पार्टी विश्वास नहीं करती है। इसलिए कांग्रेस को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए, तब कोई बात करनी चाहिए।

विधायकों को बाहर क्यों ले जाना चाहती है
आदित्य साहू ने आगे कहा कि कांग्रेस के चाल, चरित्र और चेहरा को झारखंड एवं देश की जनता ने बार-बार देखा है। कांग्रेस ने देश को बर्बाद करने का काम किया है। यह वही कांग्रेस है जिन्होंने झारखंड के आंदोलन को 3 करोड़ रुपए में बेचने का काम किया है। पैसों से लोगों को तौलना इनका स्वभाव रहा है। जिन-जिन राज्यों में भी कांग्रेस की सरकार या इनके समर्थन से सरकार रही है उसको दीमक की तरह चाटने का काम कांग्रेस करती है। झारखंड को भी दीमक की तरह चाट रही है। झारखंड को बर्बाद करने के लिए राज्य को गलत दिशा में ले जा रही है। ये लोग भाजपा को नैतिकता की पाठ नहीं पढ़ाएं। सूचना है कि कांग्रेस अपने विधायकों को दूसरे राज्यों में ले जाने के लिए परेशान है। कांग्रेस को अपने विधायकों पर ही विश्वास नहीं है। बोली लगाने, डराने, धमकाने के लिए उन्हें अन्यत्र ले जाने की तैयारी है। कांग्रेस बतलाए कि वह विधायकों को बाहर क्यों ले जाना चाहती है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारी पार्टी की इच्छा थी कि कोई कार्यकर्ता ही राज्यसभा जाए। लेकिन बीजेपी के पास पर्याप्त संख्या बल नहीं है। बीजेपी चाहती तो जोड़-तोड़ की राजनीति से किसी कार्यकर्ता को राज्यसभा चुनाव भेज सकती थी लेकिन हम उस पार्टी और परिवार के सदस्य हैं जहां एक वोट से वाजपेई सरकार गिर रही थी तब उन्होंने जोड़- तोड़ की राजनीति की बजाय सत्ता गंवाना बेहतर समझा।

कांग्रेस की राजनीतिक नौटंकी
इसलिए झारखंड भाजपा के कार्यकर्ता ऐसा कोई काम नहीं करेंगे जिससे वाजपेई जी के सपनों या विचारधारा को कष्ट पहुंचे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने झारखंड को जोड़-तोड़ एवं खरीद फरोख्त की राजनीति, भ्रष्टाचार से उबारने का काम किया है। आदित्य साहू ने कांग्रेस से पूछा है कि उनके राज्यसभा प्रत्याशी कितने दिन झारखंड आए हैं। क्या झारखंड में कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं थे । पैसे की बोली लगाकर, पैसा लेकर देश में जब कहीं जगह नहीं मिला तो झारखंड से प्रत्याशी बना दिया गया और कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं के हक और अधिकार को छीनने का काम किया गया। जबकि दूसरे निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी लगातार दो बार झारखंड से राज्यसभा के सांसद रहे हैं। उनके कार्यकाल को सभी ने देखा है। सांसद रहते हुए उन्होंने गांव, गरीब, किसान के कल्याण के लिए उल्लेखनीय काम किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी समर्थन मांगने आए थे। पार्टी ने उन्हें अपना समर्थन दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता बहुत बारीकी से कांग्रेस की राजनीतिक नौटंकी व सारे घटनाक्रम को देख और समझ रही है, सही समय पर जनता माकूल जवाब देगी।
.jpg)