रांची:
झारखंड बीजेपी ने राज्यसभा चुनाव के लिए आदित्य साहू को अपना उम्मीदवार बनाया है। रविवार को जारी दूसरी सूची में उनके नाम पर मुहर लगा दी गई। गौरतलब है कि झारखंड से बीजेपी के मुख्तार अब्बास नकवी और महेश पोद्दार का कार्यकाल बतौर राज्यसभा सांसद खत्म हो रहा है। खाली हो रही सीट पर चुनाव होना है। प्रदेश बीजेपी मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा कि मंगलवार को मौजूदा प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू नामांकन दाखिल करेंगे।

कई वरिष्ठ बीजेपी नेता मौजूद रहेंगे
आदित्य साहू द्वारा राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करते समय कई वरिष्ठ बीजेपी नेता मौजूद रहेंगे। गौरतलब है झारखंड की 2 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। बीजेपी ने अपने प्रत्याशी का ऐलान कर दिया है वहीं गठबंधन की पार्टियों (झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस) में मंथन जारी है।
खींचतान जारी है। रविवार को झामुमो के प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा था कि हर हाल में उम्मीदवार झामुमो से होगा, वहीं इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिल्ली जाकर सोनिया गांधी से मुलाकात की। सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर वरीय नेताओं के साथ मीटिंग करेंगे। उम्मीद है कि शाम तक प्रत्याशी के नाम का ऐलान होगा।

कौन हो सकता है गठबंधन का प्रत्याशी
गौरतलब है कि सोमवार को झारखंड के मुख्यमंत्री और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बातचीत काफी सकारात्मक रही। गठबंधन का एक ही प्रत्याशी होगा। इस पर सहमति बन गई है। सोमवार को नाम का ऐलान किया जायेगा।
10 जून को राज्यसभा चुनाव के लिए वोटिंग
चुनाव आयोग ने तकरीबन 1 सप्ताह पहले ही राज्यसभा चुनाव की अधिसूचना जारी कर दी है। 10 राज्यों की 57 सीटों पर चुनाव होगा। 31 मई नामांकन की आखिरी तारीख है। 1 जून को नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी होगी। 3 जून नाम वापसी की आखिरी तारीख है। 10 जून को वोटिंग होगी वहीं इसी दिन मतगणना भी होगी। देखना होगा कि गठबंधन किसे प्रत्याशी घोषित करता है।