द फोलप डेस्क, रांची
झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर बीजेपी सांसद आदित्य साहू ने नियुक्ति पत्र वितरण को लेकर निशाना साधा है। कहा कि राज्य में विभिन्न विभागों में लाखों पद खाली पड़े हैं। राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने कहा कि स्कूल-कॉलेज में शिक्षको की कमी है। सरकारी कार्यालयों में कर्मचारी और अस्पतालों में चिकित्सक नहीं हैं। इस बीच मुख्यमंत्री नियुक्ति पत्र बांटकर केवल जनता के साथ छलावा ही कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री करोड़ों रूपये विज्ञापनों पर कर रहे खर्च
आदित्य साहू ने हेमंत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष 5 लाख नियुक्ति का वादा याद दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल का 4 साल का समय बीत चुका है लेकिन सरकार ने 5 लाख युवाओं को नौकरी नहीं दी। आदित्य साहू ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर बेरोजगारी भत्ता देने का वायदे से मुकरने का भी आरोप लगाया। आदित्य साहू ने कहा कि ऐसे ऑफर लेटर वितरण समारोह के कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं।

नौकरी की प्रतीक्षा में बेरोजगारों की उम्र निकल गई
उन्होंने कहा कि यह कैसा ऑफर लेटर है, जिसमें एक परिवार की दाल रोटी भी नही चलाई जा सकती। सरकारी नौकरी की प्रतीक्षा में कितने बेरोजगारों की उम्र निकल गई। लाखों रुपए खर्च कर हजारों युवकों ने तकनीकी पढ़ाई की। किसी ने बीएड किया, किसी ने नर्सिंग की ट्रेनिंग ली, किसी ने डिप्लोमा किया तो किसी ने मैनेजमेंट की ट्रेनिंग ली। हेमंत सरकार उनकी भावनाओं के साथ भद्दा मजाक कर रही। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार हताशा और निराशा में ऐसे कदम उठा रही। मुख्यमंत्री को पता है कि युवा शक्ति उनके खिलाफ आक्रोशित हैं। सड़क पर उतर कर हक मांग रही है।
