logo

सरायकेला : बालिका आवासीय विद्यालय में पानी संकट पर प्रशासन अलर्ट, जलमीनार निर्माण और नए बोरिंग के निर्देश

saraikela_water_crisis.jpg

सरायकेला
सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ु प्रखंड स्थित जेबीएवी में पेयजल संकट को लेकर प्रशासन हरकत में आया है. प्रखंड विकास पदाधिकारी कुकड़ु राजश्री ललिता बाखला एवं प्रभारी अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने विद्यालय का निरीक्षण कर पानी की समस्या के समाधान के लिए तत्काल कदम उठाने का निर्देश दिया. बीडीओ ने 15वें वित्त आयोग मद से जलमीनार निर्माण कराने के लिए संबंधित पंचायत सचिव को निर्देशित किया, वहीं प्रभारी अंचल अधिकारी ने नया बोरिंग कराने और वैकल्पिक जल व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही. साथ ही पेयजल विभाग को जल्द समस्या समाधान के निर्देश दिए गए हैं.
3 दिन पहले ही विद्यालय में पूरी तरह बंद थी सप्लाई
निरीक्षण के दौरान विद्यालय की विभिन्न समस्याओं की जांच की गई. गौरतलब है कि तीन दिन पूर्व बालिका आवासीय विद्यालय में पानी की गंभीर समस्या सामने आई थी. विद्यालय में पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद थी और परिसर के सभी चापाकल खराब पड़े थे. इसके कारण छात्राओं को ब्रश करने और दैनिक कार्यों के लिए भी पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा था. विद्यालय की शिक्षिका कुमारी तनुश्री ने बताया कि समस्या को देखते हुए शिक्षा विभाग और स्थानीय जिला परिषद को सूचना दी गई थी, लेकिन किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं हो सकी. बाद में स्थानीय समाजसेवी हरेलाल महतो ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर तत्काल एक टैंकर पानी की व्यवस्था कराई.
आंधी-तूफान के कारण हुई पानी की समस्या: BDO
बीडीओ राजश्री ललिता बाखला ने कहा कि हाल ही में आए आंधी-तूफान के कारण विद्यालय में पानी की समस्या उत्पन्न हुई थी. मामला विधायक के संज्ञान में आने के बाद निरीक्षण किया गया. उन्होंने विद्यालय में कक्षा 12 में विज्ञान की पढ़ाई शुरू कराने को लेकर भी विभागीय स्तर पर बात उठाने की बात कही. वहीं प्रभारी अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी ने कहा कि सूचना मिलने के बाद सभी पहलुओं की जांच की गई. उन्होंने लघु सिंचाई विभाग के अधिकारियों से बात कर तत्काल वैकल्पिक जल व्यवस्था करने को कहा है. अब देखने वाली बात यह होगी कि विभाग द्वारा विद्यालय में पेयजल समस्या का स्थायी समाधान कब तक किया जाता है.

 

Tags - Saraikela Water Crisis Water Crisis In Saraikela Water Crisis in Saraikela Saraikela news Saraikela updates