logo

राज्य के 80 उत्कृष्ट विद्यालयों में एडमिशन प्रक्रिया शुरू, जानें कब तक कर सकते हैं आवेदन

1556.jpg

द फॉलोअप डेस्क
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जिन 80 उत्कृष्ट विद्यालयों का शुभारंभ 2 मई को किया था, उनमें एडमिशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 15 मई तक इन स्कूलों में एडमिशन के लिए आवेदन दिया जा सकता है। नामांकन के लिए टेस्ट की तिथि 19 मई निर्धारित की गई है। फर्स्ट मेरिट लिस्ट का प्रकाशन 22 मई को होगा। मेरिट लिस्ट में शामिल बच्चों के नामांकन लेने की तिथि 23 मई से 08 जून 2023 की गई है। मालूम हो कि बच्चे पहली, छठी और नौवीं कक्षा में नामांकन ले सकेंगे। मतलब, कक्षा 9 से 12 तक संचालित होने वाले उत्कृष्ट विद्यालयों में कक्षा 9, कक्षा 6 से 12 तक के विद्यालयों में कक्षा 6 में नामांकन कराया जा सकता है। आवेदन के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना होगा। कक्षा में नामांकन लेने वाले बच्चों को सीबीएसई माध्यम से एनसीईआरटी पाठयक्रम में शिक्षा दी जाएगी।

5 साल के बच्चों का होगा बाल वाटिका में एडमिशन
उत्कृष्ट विद्यालयों के बाल वाटिका एवं कक्षा 01 में बच्चे नामांकन ले सकेंगे। बाल वाटिका में 01 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2023 तक 5 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले बच्चों का नामांकन होगा। वहीं, कक्षा 01 में एडमिशन लेने के लिए 01 अप्रैल 2022 से 31 मार्च 2023 तक 06 वर्ष की आयु पूर्ण करने की शर्त निधारित है।

ऑनलाइन व ऑफलाइन कर सकते हैं आवेदन
नामांकन ऑनलाइन व ऑफलाइन कर सकते हैं। राज्य परियोजना कार्यालय, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के आधिकारिक वेबसाईट पोर्टल के एडमिशन लिंक पर जरूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। वहीं, जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय/संबंधित जिले के उत्कृष्ट विद्यालय से नामांकन आवेदन प्रपत्र प्राप्त कर ऑफलाइन मोड में जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में भी जमा किए जा सकते हैं।

चार कोटि के हैं उत्कृष्ट विद्यालय
राज्य के 80 उत्कृष्ट विद्यालयों में चार कोटि के विद्यालय शामिल हैं। इनमें जिला स्कूल की तर्ज पर उत्कृष्ट शिक्षण केंद्र की संख्या 25, जिला मुख्यालय का एक बालिका माध्यमिक प्लस टू विद्यालय जिसकी संख्या 24, जिला मुख्यालय का एक केजीबीवी जिसकी संख्या 24 एवं प्रमंडल का एक मॉडल स्कूल जिसकी संख्या 7 है। इन 80 उत्कृष्ट विद्यालयों के वर्तमान संचालन का स्तर अलग-अलग हैं। इसके तहत कक्षा 1 से 12 तक के विद्यालयों की संख्या 04, कक्षा 09 से 12 तक के विद्यालयों की संख्या 27, कक्षा 06 से 12 तक के विद्यालयों की संख्या 48, एवं कक्षा 01 से 08 तक के विद्यालयों की संख्या 01 है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT