logo

गिरिडीह में जमीन विवाद को लेकर हवाई फायरिंग, क्षेत्र में दहशत; दोनों पक्षों के 500 से अधिक लोग जुटे

jjjfos.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमुआ थाना क्षेत्र के कारोडीह–धरचांची में गुरुवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति बन गई। घेराबंदी को लेकर पहुंचे एक पक्ष के लोगों और मौके पर पहुंचे दूसरे पक्ष के बीच विवाद इतना बढ़ा कि दबंग किस्म के लोगों ने हवाई फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में अफरातफरी और दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही जमुआ पुलिस की टीम भारी संख्या में मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाते हुए माहौल शांत कराने की कोशिश की, जबकि हवाई फायरिंग करने वालों की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।स्थानीय रैयतों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सनी रेनवे और उसके साथियों द्वारा बम और गोली चलाकर हमला किया गया, जिससे इलाके में तनाव और बढ़ गया। उनका कहना है कि विवादित जमीन पर उनकी वैध दावेदारी है, लेकिन इसके बावजूद दूसरे पक्ष के लोग लगातार दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
बताया गया कि बुधवार को भी इसी जमीन को लेकर दोनों पक्षों में झड़प हुई थी। इसके बावजूद गुरुवार को एक पक्ष के लोग पुनः घेराबंदी करने पहुंचे, जिसके बाद दूसरे पक्ष के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। देखते ही देखते मौके पर 500 से अधिक लोग जमा हो गए और स्थिति बेकाबू होने लगी। फिलहाल पुलिस पूरे इलाके में कैंप कर रही है। अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि उपद्रव फैलाने वालों को चिह्नित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जमीन विवाद को लेकर लगातार बढ़ रही घटनाओं ने क्षेत्रीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।



 

Tags - Latest Jharkhand News jharkhand News Updates latest updates Jharkhand Giridih news Giridih news Updates latest Giridih news Giridih news in Hindi latest jharkhand News Jharkhand Updates in Hindi Giridih news in hindi