logo

पूर्व मंत्री गीताश्री 10 महीने बाद कांग्रेस में करेंगी वापसी, पहले माटी–फिर पार्टी कह निकली थी

geeta1.jpg

द फॉलोअप डेस्क:
झारखंड कांग्रेस द्वारा चलाये जा रहे 'आ अब लौट चले अभियान' के तहत कई पुराने और नये लोगों की कांग्रेस में वापसी हो रही है। इसी के तहत पूर्व शिक्षा मंत्री गीताश्री उरांव भी कांग्रेस में वापसी कर रही हैं। वह इटकी रोड मेजर कोठी के पास आगमन बैंक्वेट हॉल में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगी। बता दें कि जनवरी 2023 में पहले माटी-फिर पार्टी का नारा देकर कांग्रेस छोड़ने वाली गीताश्री उरांव 10 महीने बाद वापसी कर रही हैं। आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम की मौजूदगी में गीताश्री दोबारा कांग्रेस पार्टी ज्वॉइन करेंगी। बता दें कि इस साल की शुरुआत में 1932 के खतियान आधारित स्थानीयता की मांग और नियुक्ति नियमावली में भोजपुरी-मगही और अंगिका जैसी भाषाएं शामिल किए जाने को लेकर जारी आंदोलन के बीच गीताश्री उरांव ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।


झारखंडी जनभावना के अनुरूप काम नहीं किया
सोनिया गांधी को संबोधित पत्र में गीताश्री उरांव ने कहा था कि प्रदेश की सरकार और सरकार में शामिल उनकी पार्टी झारखंडी जनभावना के अनुरूप काम करने में असफल रही है। उन्होंने कहा था कि मैं भारी मन से इस्तीफा दे रही हूं। बता दें कि गीताश्री उरांव सिसई विधानसभा सीट से विधायक रही हैं। प्रदेश की सरकार में शिक्षा मंत्री भी रह चुकी हैं। गीताश्री उरांव जनवरी से लेकर गर्मियों के मौसम तक 1932 के खतियान आधारित स्थानीयता की मांग को लेकर जारी आंदोलन में काफी मुखर रही थीं। केवल इतना ही नहीं! गीताश्री उरांव ने झामुमो के बागी विधायक लोबिन हेम्ब्रम के साथ भी मंच साझा किया था। 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N