logo

पिता के निधन से आहत हजारीबाग की बेटी ने लिख डाली 10 कहानियों की पुस्तक

antra.jpg

द फॉलोअप डेस्क
अक्सर लोग अपने करीबी की मौत के गम से निकालने के लिए गलत रास्ता अपना लेते हैं। लेकिन कुछ लोग ऐसे भी होते हैं जो इस दौरान अपने अंदर नये कौशल का विकास कर लेते हैं। ऐसा ही कुछ हजारीबाग के दिपुगढ़ा की रहने वाली अंतरा ने किया है। दरअसल महज 18 साल की अंतरा ने अंग्रेजी भाषा में एक पुस्तक लिखी है। अंतरा द्वारा लिखी गई किताब का नाम "हार्मोनीज ऑफ़ एटरनिटी" है। दरअसल, पिता के आकस्मिक निधन के बाद अपना मन लगाने के लिए अंतरा ने डायरी पेन थाम था। अंतरा द्वारा लिखी गई पुस्तक "हार्मोनिज ऑफ़ एटरनिटी: टेल्स बियोंड टाइम" को दक्षिण भारत के बेहद लोकप्रिय प्रकाशन नोशनल प्रेस ने प्रकाशित किया है। यह पुस्तक अमेजॉन पर भी उपलब्ध है।


भाई ने दी थी डायरी लिखने की सलाह 
युवा लेखिका अंतरा ने बताया कि साल 2014 में एक सड़क दुर्घटना के उनके पिता का आकस्मिक निधन हो गया था। इसके बाद वह बहुत खोई- खोई रहने लगी। तब उसे उसके दादा और नाना कहानियां सुनाया करते थे। फिर उनके भाई उत्कर्ष ने डायरी लिखने की सलाह दी। अंतरा का धीरे- धीरे लेखन कला में मन लगने लगा और फिर पहले छोटी- छोटी कविताएं लिखने लगी। अंतराल में उनका यह लेखन हॉबी के तौर पर बदलने लगा और अब 10 कहानियों से परिपूर्ण एक पुस्तक लिखकर वे युवा लेखिका बन गई हैं । युवा लेखिका अंतरा ने हजारीबाग के माउंट कार्मेल स्कूल से दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की और एलेन, कोटा से इंजीनियरिंग की तैयारी की। फिलहाल वे ऑस्ट्रेलिया के वालोंगोंग विश्वविद्यालय में कंप्यूटर विज्ञान में इंजीनियरिंग स्नातक में प्रथम वर्ष की छात्रा हैं।

यह किताब अलौकिक और भावुक दुनिया का सैर कराएगी

किताब के बारे में अंतरा ने बताया कि उन्होंने भावनाओं के चिंतन और वर्तमान समय में वास्तविकता को प्रदर्शित किया है। इसी के तहत उन्होंने दस कहानियों का संग्रह तैयार किया है। इसमें सामाजिक एकता और परस्परता के साथ रोचक और भावनात्मकता के रोमांच का भरपूर एहसास है। साथ ही अलौकिक और भावुक दुनिया का सैर भी कराने की कोशिश की गई है। यह पुस्तक आपको जीवन में एक-दूसरे का साथ देने और आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करती है। अंतरा ने अपने भविष्य की योजना के बारे में बात करते हुए कहा कि वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर जॉब करना चाहती है। वहीं अपने लिखने के इस हॉबी ने बारे में उन्होंने कहा कि यह जीवनभर जारी रहेगा।
 

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N