द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग के विष्णुगढ़ के कुसुंभा गांव में 25 मार्च को हुए जघन्य दुष्कर्म और हत्या के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने आजसू पार्टी की पहल पर मामला दर्ज कर लिया है। इस बर्बर घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया था। आजसू पार्टी की निरंतर पहल और सक्रियता के परिणामस्वरूप यह कार्रवाई संभव हुई। पार्टी के महासचिव संजय मेहता ने राष्ट्रीय महिला आयोग को पत्र लिखा था, जिसे आयोग ने पत्र संख्या 2014111772158 के तहत स्वीकार किया और मामले की जांच की जिम्मेदारी अवर सचिव शिवानी तोमर को सौंपी। आजसू पार्टी ने इस जघन्य अपराध को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाए जाने की मांग की है, ताकि दोषियों को शीघ्रतम समय में कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। संजय मेहता ने कहा, महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ होने वाले ऐसे जघन्य अपराधों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जा सकती। पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। पार्टी ने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ पूरी तरह खड़ी है और न्याय की लड़ाई में लगातार उनके साथ रहेगी।
आजसू पार्टी ने राज्य सरकार से भी मांग की है कि इस मामले में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पार्टी ने कहा कि पूरे झारखंड में महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान के लिए वह निरंतर संघर्ष करती रहेगी और किसी भी कीमत पर दोषियों को बचने नहीं दिया जाएगा। संजय मेहता ने कहा कि यह घटना अत्यंत बर्बर है। आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पार्टी लगातार प्रयासरत है। उन्होंने राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चिंता व्यक्त की और कहा कि पुलिस प्रशासन को गंभीरता से सोचने की आवश्यकता है।