logo

Ranchi : झारखंडियों की आवाज दबाना चाहती है हेमंत सरकार, सोमवार को होगा विधानसभा का घेराव- आजसू

sudeshmahto6.jpg

रांची: 

आजसू पार्टी ने प्रेस वार्ता कर सिलसिलेवार ढंग से हेमंत सरकार पर कई आरोप लगाये हैं। आजसू का आरोप है कि पार्टी द्वारा 7 मार्च को विधानसभा घेराव कार्यक्रम को रोकने तथा दबाने के लिए हेमंत सरकार ने सारे तंत्र लगा दिए हैं। आरोप लगाया है कि सीएम के इशारे पर झारखंड पुलिस के अधिकारी आजसू कार्यकर्ताओं को चुन-चुन कर नोटिस भेज रहे हैं। दावा है कि 50 हजार बांड और 2 जमानतदार के साथ आजसू कार्यकर्ताओं को सोमवार को एसडीओ कोर्ट में हाजिर होने का नोटिस दिया गया है। 

10 हजार आजसू कार्यकर्ताओं को नोटिस! 
आजसू पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत का दावा है कि पूरे प्रदेश में कार्यकर्ताओं को ऐसा नोटिस दिया गया है। दावा है कि अब तक कुल 10 हजार कार्यकर्ताओं को नोटिस दिया गया है। पार्टी के केंद्रीय प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि झारखंडियों की आवाज दबाने के लिए हेमंत सरकार जो कृत्य कर रही है ऐसा इतिहास में कभी नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन के समय कांग्रेस और आरजेडी का जो चरित्र था, वैसा ही चरित्र हेमंत सोरेन भी दिखा रहे हैं। डॉ. भगत ने कहा कि झारखंड आंदोलन को दबाने के लिए जिस प्रकार लाठी-डंडों और केस मुकदमों का सहारा लिया गया वैसा ही इस सरकार में हो रहा है। 

संघर्ष से हुआ है आजसू पार्टी का जन्म
डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि सरकार ये भूल रही है कि आजसू पार्टी का जन्म ही संघर्ष से हुआ है। आजसू के नेता और कार्यकर्ता केस-मुकदमों से नहीं डरने वाले। केस, जेल, लाठी और गोली से गुजर कर ही झारखंड राज्य का गठन हुआ था। आजसू पार्टी ने लड़कर झारखंड लिया था। अब झारखंडियों को न्याय भी दिलाएगी।


डॉ. भगत ने कहा कि झारखंडियों ने कभी भी बाहरी नेतृत्व या सोच को स्वीकार नहीं किया। हमारे आंदोलनकारियों ने भी कभी बाहरी को नहीं स्वीकारा। जब-जब झारखंडियों को दबाने की कोशिश की गई है, तब-तब झारखंड की जनता ने उलगुलान किया है। 

जन-समस्याओं के समाधान का प्रयास हो! 
आजसू प्रवक्ता ने कहा कि हेमंत सरकार जितनी मशक्कत जनता की आवाज को दबाने में कर रही है, उतनी ही मशक्कत यहां के ज्वलंत समस्याओं को समाधान में करती। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार इतनी ही मशक्कत यहां के नीति-निर्णय को बनाने और जनता के कल्याण में करती तो आजसू पार्टी को सड़क पर नहीं उतरना पड़ता। आजसू पार्टी हेमंत सरकार से निवेदन करती है कि शोषितों, वंचितों, पिछड़ों और आदिवासियों के उत्थान के लिए ईमानदार प्रयास करे, तभी कल्याण होगा। 

आजसू पार्टी कल करेगी विधानसभा का घेराव
दूसरी तरफ डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि हेमंत सरकार के तमाम राजशाही फरमानों के बावजूद आजसू पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक 7 मार्च को सड़क पर उतरेंगे। विधानसभा का घेराव होगा। खतियान आधारित स्थानीय नीति, नियोजन नीति, आरक्षण, बेरोजगारी, सरना धर्म कोड की मांग तथा राज्य में संसाधनों की लूट के खिलाफ विधानसभा का घेराव होगा।