logo

SIR अभियान में तेजी लाने का कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निर्देश, आलमगीर आलम बोले- कोई भी पात्र मतदाता न छूटे

alam5.jpg

द फॉलोअप, पाकुड़:
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर कांग्रेस ने अपनी संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। रविवार को पाकुड़ जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अभियान में पूरी ताकत झोंकने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना लोकतांत्रिक जिम्मेदारी है।

घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें कार्यकर्ता
बैठक में जिला और प्रखंड पदाधिकारियों, बूथ लेवल एजेंट (BLA), पंचायत अध्यक्षों तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान SIR अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई और शेष कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने की रणनीति बनाई गई।

आलमगीर आलम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी पात्र मतदाता अपना Enumeration Form समय पर BLO के पास जमा करें। उन्होंने बताया कि फॉर्म जमा करने के लिए बहुत कम समय बचा है, इसलिए अभियान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

किसी का भी नाम मतदाता सूची से न छूटे 
बैठक के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों से आए कार्यकर्ताओं ने बताया कि अधिकांश फॉर्म अपलोड हो चुके हैं, जबकि कुछ आवेदन अभी प्रक्रिया में हैं। इस पर आलमगीर आलम ने निर्देश दिया कि 27 और 28 जुलाई तक सभी लंबित फॉर्म प्राथमिकता के आधार पर अपलोड कराए जाएं जिससे किसी भी मतदाता का नाम सूची से छूटने की संभावना न रहे।

बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने और अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने पर भी विस्तार से चर्चा हुई। अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने SIR अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने का संकल्प लिया।
 

Tags - Alamgir AlamSIR CampaignCongress JharkhandVoter List RevisionPakur News