द फॉलोअप डेस्क, रांची
JSSC-CGL परीक्षा पेपर लीक के बाद झारखंड में छात्र संगठन हो या राजनितिक पार्टियां, सभी सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। बीजेपी पेपर लीक की सीबीआई जांच की मांग रही है। वहीं अखिल झारखंड छात्र संघ भी पेपर लीक मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहा है। इसे लेकर छात्र संघ हस्ताक्षर अभियान चलाने की तैयारी में है। 12 फरवरी को राज्य के सभी विश्वविद्यालय एवं कॉलेज में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान का मकसद छात्रों और अभ्यर्थियों को सीबीआई जांच पर जोर देने के लिए एक मंच पर लाना है।

सुदेश महतो के निर्देश पर चलेगा अभियान
हस्ताक्षर अभियान आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो के निर्देश पर चलाया जा रहा है। अखिल झारखंड छात्र संघ ने इस मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर आंदोलन के रूपरेखा तय की है। हस्ताक्षर अभियान चलाने के लिए विश्वविद्यालय और कॉलेज में प्रभारी नियुक्त भी नियुक्त किए गए हैं। हस्ताक्षर अभियान के बाद दूसरे दिन 13 फरवरी को मशाल जुलूस निकाला जायेगा। जबकि 15 फरवरी को सभी जिलों के उपायुक्तों को मांग पत्र सौंपा जाएगा। 17 फरवरी को राजभवन के सामने प्रदर्शन किया जाएगा।
