logo

रांची में ही डटे हैं सत्ताधारी विधायक, BJP की राज्यपाल से मुलाकात के बाद बढ़ी हलचल

ेोव.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
हेमंत सोरेन सरकार के सभी विधायक राजधानी रांची में जमे हैं। बीते दिनों मुख्यमंत्री आवास में हुई बैठक के दौरान सत्ताधारी दल के सभी विधायकों को निर्देश दिया गया था कि वह रांची में ही रहे। ऐसे में माना जा रहा है कि सियासी गतिविधियों में हलचल बढ़ सकती है। सत्ता पक्ष के सभी विधायकों की तरफ से बहुत सोच समझकर कदम उठाया जा रहा है। मंगलवार को प्रोजेक्ट भवन में हेमंत कैबिनेट की बैठक हुई। बैठक के बहाने भी कई विधायक पहुंचे। 


भाजपा पर है सत्तापक्ष की पैनी नजर 
सूत्रों के मुताबिक विधायकों को फिर से निर्देश दिया गया है कि वह कहीं ना जाएं। जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी ने पुणे जाने की बात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की थी। लेकिन बाद में उन्होंने अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया। बरही विधायक उमाशंकर अकेला भी राष्ट्रीय छात्र संसद में जाने की सोच रहे थे लेकिन उन्होंने भी अपना कार्यक्रम टाल दिया। सत्तापक्ष, भाजपा की गतिविधियो पर नजर बनाए हुए है। दूसरी तरफ झामुमो ने निर्वाचन आयोग पर गांडेय में उपचुनाव कराने का दबाव बनाया है।


बाबूलाल ने की राज्यपाल से मुलाकात 
इधर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के रांची पहुंचते ही राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। मंगलवार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी राजभवन पहुंचे। राजभवन पहुंचने के बाद उन्होंने राज्यपाल से घंटों मुलाकात की और झारखंड में चल रहे राजनीतिक भूचाल से अवगत कराया। राजभवन से बाहर निकलने के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 3 जनवरी से झारखंड में चल रही राजनीतिक हलचल को लेकर उन्होंने राज्यपाल को पत्र लिखा था. उसी पत्र के बारे में याद दिलाने के लिए वो राजभवन पहुंचे हैं।