logo

पांकी CHC में प्रसव के नाम पर अवैध वसूली के आरोप, पहले पैसा फिर इलाज का मामला आया सामने

panki_chc.jpg

पलामू
पलामू जिले के पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव कराने आई महिलाओं और उनके परिजनों से अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाया गया है. जबकि सरकार की ओर से प्रसव सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराने का दावा किया जाता है, लेकिन अस्पताल में पहले पैसा, फिर इलाज जैसी स्थिति होने की बात सामने आ रही है. पीड़ित परिवारों का कहना है कि अस्पताल कर्मियों द्वारा अलग-अलग बहानों से पैसे की मांग की जाती है. पैसे नहीं देने पर मरीजों को देर रात गंभीर स्थिति बताकर बड़े अस्पतालों में रेफर करने की धमकी दी जाती है.
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि जिन मरीजों को पहले गंभीर बताकर रेफर करने की बात कही जाती है, उन्हीं का पैसा मिलने के बाद उनका सामान्य प्रसव उसी अस्पताल में कर दिया जाता है. इससे पूरे मामले पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. मरीजों और परिजनों का आरोप है कि बिना पैसे दिए उचित इलाज नहीं किया जाता और उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. मामले को लेकर लोगों में आक्रोश है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और परिजनों ने जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है. अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है.

 

Tags - panki CHC illegal Vasooli illegal fee collection hospital corruption India maternity care scam free delivery scheme India