logo

एंबुलेंस पलटी: इलाज के लिए ले जाई जा रही डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत

ुपदीो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कोडरमा-जमुआ मुख्य मार्ग पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। बच्ची को इलाज के लिए गिरिडीह जिले के घोड़थम्बा से एंबुलेंस के जरिए सदर अस्पताल कोडरमा लाया जा रहा था, तभी रास्ते में दुर्घटना हो गई। जानकारी के अनुसार, घोड़थम्बा निवासी विनोद पांडेय अपनी डेढ़ साल की भतीजी आयुषी कुमारी को इलाज के लिए एंबुलेंस से कोडरमा सदर अस्पताल ले जा रहे थे। उनके साथ प्रमिला देवी और महेश पांडेय भी मौजूद थे।


इसी दौरान नवलशाही थाना क्षेत्र के पहाड़पुर के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक हाइवा वाहन ने एंबुलेंस को चकमा दे दिया। अचानक सामने आए इस वाहन से बचने के प्रयास में एंबुलेंस चालक संतुलन खो बैठा और वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में एंबुलेंस में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान मासूम आयुषी की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।


सूचना मिलते ही नवलशाही थाना प्रभारी सुमन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और एंबुलेंस को चकमा देने वाले हाइवा वाहन की पहचान करने का प्रयास जारी है।