logo

धुर्वा में बीजेपी-संघ की अहम बैठक, बाबूलाल मरांडी और कर्मवीर सिंह मौजूद

a488.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड में जारी सियासी संकट के बीच रांची के धुर्वा में भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की साझा बैठक की सूचना है। बताया जाता है कि बैठक में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और कर्मवीर सिंह सहित तमाम पदाधिकारी मौजूद हैं। कहा तो यह भी जा रहा है कि इस बैठक में बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष भी शामिल हो सकते हैं। गौरतलब है कि हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी और इस्तीफे के बाद झारखंड में राजनीतिक अस्थिरता के हालात हैं। इसे संवैधानिक संकट भी कहा जायेगा क्योंकि तकनीकी और कानूनी तौर पर अभी झारखंड में कोई सरकार नहीं है। हेमंत सोरेन इस्तीफा दे चुके हैं। गिरफ्तारी के बाद वह स्वत ही मुख्ममंत्री नहीं रहे। सत्तापक्ष ने चंपई सोरेन को विधायक दल का नेता चुना है लेकिन राज्यपाल ने अभी तक शपथ ग्रहण का समय नहीं बताया है। ऐसे में झारखंड के सियासी गलियारों में कयासों का बाजार गर्म है। 

सत्ताधारी दल के विधायकों के शिफ्टिंग की तैयारी
बताया जा राह है कि सत्तापक्ष के विधायकों को हैदराबाद शिफ्ट करने की तैयारी है। चर्चा है कि रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर 2 चार्टर प्लेन कुछ देर में लैंड करेंगे और मौसम साफ होते ही सभी विधायकों को हैदराबाद शिफ्ट किया जायेगा। सियासी अफरा-तफरी के बीच बीजेपी में भी अंदरखाने हलचल तेज है। खबरें हैं कि कल प्रदेश बीजेपी कार्यालय में दिन के 11 बजे विधायकों की बैठक होगी जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी करेंगे। इधर, सत्ताधारी दल के विधायकों को फिलहाल सर्किट हाउस में रखा गया है। इस बीच कांग्रेस विधायक बन्ना गुप्ता ने कहा कि उनके पास 47 विधायकों का समर्थन है। उनके पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त आंकड़ा है। हम, चंपई सोरेन के रूप में विधायक दल का नेता चुन चुके हैं।