logo

नाराज कांग्रेसी विधायकों की आलाकमान से नहीं हुई वार्ता, रांची वापसी का दबाव

NARAJ.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड कांग्रेस के 9 विधायक दिल्ली में डटे हुए हैं। मंत्रिपरिषद में नए चेहरों को शामिल करने की इनकी मांग पूरी होती नहीं दिख रही है। ये विधायक राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और महासचिव केसी वेणुगोपाल से मिलने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि आलाकमान को नाराज करने के पक्ष में विधायक नहीं हैं। कांग्रेस के कुछ नाराज विधायकों का कहना है कि उन्हें पार्टी अध्यक्ष के निर्देश का इंतजार है। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता लगातार अंसतुष्ट विधायकों को रांची लौटने के लिए कह रहे हैं। विधायकों से कहा गया है कि अपनी बात रखने का उनका यह तरीका सही नहीं है। विधायकों से सोमवार को संपर्क होता रहा। 


रांची वापस लाने की हो रही कोशिश 
सूत्रों के अनुसार मंगलवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से उनकी मुलाकात कराई जा सकती है। विधायक भी समाधान की ओर बढ़ना चाहते हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस आलाकमान ने झारखंड के विधायकों के दिल्ली में पहुंच कर दबाव की राजनीति करने के इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया है। विधायकों का आचरण अनुशासनात्मक कार्रवाई के दायरे में भी आ सकता है। यही वजह कि इन्हें अब तक अधिक रिस्पांस नहीं मिल रहा है। असंतुष्ट विधायकों के संपर्क में कांग्रेस के जो वरीय नेता हैं, वह बातचीत के संबंध में बयान नहीं दे रहे हैं। सूत्रों के अनुसार प्रदेश कांग्रेस के स्तर से दिल्ली में डटे विधायकों को रांच वापस लाने का प्रयास किया जा सकता है।


6 विधायक वापस आना चाहते हैं
कांग्रेस के असंतुष्ट विधायकों में छह रांची वापस आना चाहते हैं। एकजुट होकर रांची से दिल्ली जाने के क्रम में उन्हें यह उम्मीद थी कि आलाकमान के स्तर से उनकी बातें तुरंत सुनी जाएंगी। दो दिन गुजरने के बाद भी आलाकमान का बुलावा नहीं आने से वह समझ चुके हैं कि अब उनकी मुलाकात आलााकमान से नहीं कराई जाएगी। सूत्रों के अनुसार सभी एकमत बनाकर जल्द रांची लौटना चाहते हैं। आलाकमान से बुलावा का इंतजार बढ़ने के बाद ये विधायक अपनी रणनीति को लेकर भी संशय में बताए जा रहे हैं।