द फॉलोअप डेस्क
पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया प्रखंड के जोड़ाम उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थापित एक एएनएम की करंट लगने से मौत हो गयी। मृतका सुकांति मुर्मू मूल रूप से बर्डी कानपुर गांव की निवासी है। वर्तमान में एएनएम चाकुलिया के पुराना अस्पताल भवन में अपने पति कन्हाई लाल बास्के के साथ रहती थी। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, एएनएम सुकांति मुर्मू को शनिवार देर रात करंट लगी थी। जिसके बाद उसे स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच कर उसे मृत घोषित कर दिया।
इधर, घटना के संबंध में मृतका सुकांति के परिजनों ने बताया कि एएनएम को रविवार को ओडिशा स्थित एक हॉस्टल में रह रहे अपने 8 वर्षीय बेटे से मिलने जाना था। जिसे लेकर वह अपना बैग तैयार कर रही थी। इस दौरान पास में ही स्टैंड फैन चल रहा था, जिसकी बॉडी में करंट आ गया था। बैग पैक करने के दौरान सुकांति उसी फैन की चपेट में आ गयी, जिससे कि वह गंभीर रूप से घायल हुई। इसके बाद घायल अवस्था में सुकांती को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। इस दौरान उसकी रास्ते में ही मृत्यु हो गयी। दूसरी ओर घटना की जानकारी पाकर बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती सीएचसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने परिजनों से बात कर पूरी घटना की जानकारी ली। साथ ही इस हादसे पर दुख व्यक्त किया।