द फॉलोअप डेस्क
धनबाद मंडल रेल अस्पताल में डॉक्टर के चेंबर में जाने से पहले डीआरएम कमल किशोर सिन्हा की पत्नी की चप्पल उतरवाने औऱ और डीआरएम द्वारा कथित तौर से कपड़ा उतरवाने का मामला मुख्यालय तक पहुंच गया है। वहीं इस मामले की देशभर में चर्चा हो रही है। अब इस मामले में शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट कर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव से आग्रह किया है कि इस पूरे मामले पर जांच हो और दोषी पर समुचित करवाई हो।

बसंत उपाध्याय के साथ हुई घटना चिंताजनक
शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने ट्वीट कर लिखा है कि रेलवे अस्पताल धनबाद के कर्मचारी बसंत उपाध्याय के साथ @drmdhnecrकमल किशोर सिन्हा द्वारा अभद्रता व ज्यादती की खबर चिंताजनक है। ऐसी घटनाएं स्वीकार्य नहीं हैं। @RailMinIndia @AshwiniVaishnaw से आग्रह है कि पूरे प्रकरण की सम्यक जांच कराकर समुचित कार्रवाई करें।
क्या था मामला
धनबाद रेल मंडल के रेलवे अस्पताल में डेंटल केयर विभाग है। डीआरएम कमल किशोर सिन्हा की पत्नी चेकअप के लिए पहुंची। वहां अस्पताल में नियम है कि अंदर क्लिनिक में चप्पल उतार कर जाना होगा। अस्पताल सहायक बसंत उपाध्याय नहीं जानते थे कि वह औरत डीआरएम साहब की धर्मपत्नी हैं। वो जैसे सबको बोलते थे उन्होंने उन्हें भी कह दिया। अस्पताल सहायक ने कहा कि मैडम चप्पल उतार के अंदर जाइए। इतने में मैडम को गुस्सा आ गया । उन्होंने पतिदेव को फोन मिलाया। कुछ ही देर में डीआरएम ऑफिस से CMS को फोन आया। CMS ने बसंत उपाध्याय को गाड़ी में बिठाया और डीआरएम ऑफिस ले गए। आरोप है कि वहां तो पहले डीआरएम कमल किशोर सिन्हा ने अस्पताल सहायक बसंत उपाध्याय को जीभर डांटा। चार्जशीट करने की धमकी दी और कपड़े उतरवा लिए।

जांच के लिए स्थानीय स्तर पर बनी कमेटी
घटना की जांच के लिए स्थानीय स्तर पर कमेटी बनी है। एडीआरएम आशीष झा मामले की जांच कर रहे हैं। उनका कहना है कि फिलहाल किसी पर कोई कार्रवाई नहीं की गयी है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही कुछ किया जायेगा। जन संपर्क पदाधिकारी की ओर से बयान जारी कर कहा गया है कि रेलवे प्रशासन के संज्ञान में आया है कि रेलकर्मी बसंत उपाध्याय ने अखबार व टीवी चैनलों में घटना का विवरण दिया है। उसका सत्यापन किया जा रहा है। चिकित्सा व रेलवे प्रशासन द्वारा विवरण एकत्र किया जा रहा है। कर्मचारी भारतीय रेलवे और भारतीय रेलवे बिरादरी का एक सम्मानित सदस्य है। कर्मचारियों का सम्मान उनके लिए महत्वपूर्ण है। रेल प्रशासन ने रेलकर्मियों और जनता से इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।

बाबूलाल मरांडी ने की निंदा
पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने शनिवार को ट्वीट कर मंडल रेल अस्पताल के कर्मचारी बसंत के साथ हुई घटना की निंदा की है। उन्होंने लिखा है कि बहुत ही निंदनीय और भर्त्सना योग्य कृत्य। अधिकारियों की यह ज्यादती समाज में नौकरशाही के प्रति बहुत विघटन, अविश्वास और क्षोभ पैदा करेगी। ये मामले राजनीतिक नहीं होते हैं, यह सीधा अहंकार और स्वयं को शक्तिमान मानने का मामला है। विश्वास है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होगी।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N