द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में नगर निकाय चुनाव 2026 के बाद हुई हिंसक घटना से संबंधित कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 23 फरवरी 2026 को वार्ड संख्या 18 स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, आजाद नगर, पचंबा मतदान केंद्र से लगभग 200 मीटर की दूरी पर हुई हिंसक घटना के संबंध में नगर थाना कांड संख्या 16/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। एसपी डॉ. कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी हर्ष श्रीवास्तव उर्फ टुसू, उम्र लगभग 22 वर्ष, झिंझरी मोहल्ला, थाना नगर, जिला गिरिडीह को ताराटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरिडीह-तुंडी मुख्य मार्ग पर स्थित बुटबरिया गांव के पास से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर उसके पास से फायरिंग में प्रयुक्त एक 7.65 एमएम का देशी पिस्टल, एक जिंदा गोली और एक खोखा बरामद किया गया।
एसपी ने बताया कि घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पहले भी पांच अन्य आरोपियों शिवम कुमार श्रीवास्तव उर्फ शिवम आजाद, अमित विश्वकर्मा, आकाश हांडी, मंजीत पासवान और किशोर पासवान को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। उनके पास से भी 7.65 एमएम का देशी पिस्टल और दो जिंदा गोलियां बरामद की गई थीं। प्रेस वार्ता में एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसका नाम नगर थाना कांड संख्या 153/25 में भी दर्ज है। इस कार्रवाई में जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों की विशेष टीम शामिल रही। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
