logo

GOOD NEWS : रांची स्मार्ट सिटी में बनेगा अपोलो हॉस्पिटल, सीएम हेमंत की मौजूदगी में करार

cm_32.jpg

रांची 

रांची वासियों के लिए एक अच्छी खबर है। स्मार्ट सिटी (रांची) में जल्दी ही आधुनिक सुविधा वाले अपोलो अस्पताल का निर्माण होगा। इसके लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में उनके आवासीय कार्यालय में करार किया गया। रांची नगर निगम और अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज लिमिटेड (चेन्नई) के अधिकारियों ने सब लीज डीड पर हस्ताक्षर किये। अपोलो अस्पताल का निर्माण स्मार्ट सिटी के एरिया बेस्ड डेवलपमेंट क्षेत्र में किया जायेगा। 


 

झारखंड स्थापना दिवस पर होगा भूमि पूजन 

झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर अस्पताल का भूमि पूजन होगा। इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड वासियों को बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधा मिले इसके लिए हमारी सरकार लगातार कोशिश कर रही है। सरकारी अस्पतालों के साथ निजी अस्पताल खोलने के लिए भी सरकार जरूरी सहयोग और सुविधा दे रही है। सरकार की कोशिश है कि झारखंड के लोगों को बेहतर इलाज के लिए राज्य से कहीं बाहर नहीं जाना पड़े।  


 

पहले चरण में होगी 250 बेड की व्यवस्था 
डीड पर हस्ताक्षर करते हुए अस्पताल प्रबंधन ने सीएम हेमंत को बताया कि जल्द ही 250 बेड के अस्पताल निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा। पहले चरण में यहां ओपीडी की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में स्थानीय लोगों को रोजगार दिया जाएगा। सामान्य चिकित्सक और पारा मेडिकल कर्मी भी झारखंड के होंगे। विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी।

 

लोगों को मिलेगा रोजगार 

मौके पर सीएम हेमंत ने उम्मीद जताई कि अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज लिमिटेड के साथ यह समझौता विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा की दिशा में मिल का पत्थर साबित होगा। इससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दे सकेंगे। झारखंड में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। गौरतलब है कि रांची के घाघरा में अपोलो हॉस्पिटल के निर्माण के लिए अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज के साथ 4 सितंबर 2014 को करार किया गया था लेकिन, भूमि के विषय पर विवाद हो गया था। अब लोकेशन बदलते हुए रांची स्मार्ट सिटी क्षेत्र में अपोलो अस्पताल के लिए भूमि उपलब्ध करायी गयी है। यहां लगभग 2.75 एकड़ भूमि पर हॉस्पिटल निर्माण होगा। इसके लिए जमीन का सब लीज फिलहाल 45 वर्षों के लिया किया जा रहा है। इसे भविष्य में कार्य की गुणवत्ता को देखते हुए और भी बढ़ाया जायेगा। 


250 बेड का मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनेगा 

अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज का कहना है कि 2.75 एकड़ जमीन में 250 बेड वाले मल्टी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल का निर्माण होगा। यहां विशेष रूप से कार्डियोलॉजी, ऑर्थोपोडिक, गायनोकॉलोजी, जनरल सर्जरी, जेनरल मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, ईएनटी सेवा प्रदान की जायेगी। इसके अलावा इमरजेंसी सेवा, रेडियोलोजी, पैथोलॉजी, डाइटरी सर्विसेस की भी व्यवस्था यहां होगी। 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी। हॉस्पिटल के अंदर पार्किंग, फार्मेसी, एटीएम, कैंटीन इत्यादि की व्यवस्था भी रहेगी।