logo

दिल्ली में झारखंड कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की बंद कमरे में बैठक, क्या मंत्रियों से नाराज़ चल रहे हैं पार्टी के अपने ही लोग?

IRFAN33.jpg

नई दिल्ली
दिल्ली स्थित झारखंड भवन में झारखंड प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की एक अहम बैठक ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। औपचारिक तौर पर इस बैठक को संगठन की मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है, लेकिन पार्टी के अंदरखाने यह चर्चा तेज है कि झारखंड कांग्रेस का एक गुट मौजूदा मंत्रियों से नाराज़ चल रहा है और उसी पृष्ठभूमि में यह बैठक अहम मानी जा रही है।
इस बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पार्टी प्रभारी बेला प्रसाद, विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल और युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रियाज अहमद शामिल हुए। सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत करने, उसे जमीनी स्तर पर सशक्त करने और कार्यकर्ताओं तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने को लेकर गहन चर्चा हुई।


हालांकि, राजनीतिक गलियारों में यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या यह बैठक सिर्फ संगठनात्मक रणनीति तक सीमित थी या फिर इसके पीछे मंत्रियों के कामकाज और सरकार में भूमिका को लेकर असंतोष भी एक कारण है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के भीतर लंबे समय से यह चर्चा चल रही है कि कुछ नेता सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल की मांग कर रहे हैं।
बैठक में शामिल नेताओं ने सार्वजनिक तौर पर संगठन को मजबूत करने और कांग्रेस को जमीनी स्तर पर सक्रिय बनाने पर जोर दिया, लेकिन दिल्ली में बंद कमरे में हुई इस चर्चा को झारखंड कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल कांग्रेस नेतृत्व की ओर से किसी तरह की नाराज़गी या मतभेद की औपचारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन दिल्ली बैठक के बाद यह साफ है कि झारखंड कांग्रेस के भीतर संगठन और सरकार को लेकर मंथन तेज हो गया है।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest