द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिले के बोलबा प्रखंड के पाले मुंडा, डाईरढाड़ में देर रात एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, अनिल केरकेट्टा की दुकान और घर में रात लगभग 12 बजे के आसपास बोलेरो वाहन से आए चार अज्ञात अपराधियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। अपराधियों ने पहले अनिल केरकेट्टा को घर के बाहर से बंद कर दिया, फिर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। वहां रखे किराना सामान, तेल, साबुन, डायपर, पेन, कॉपी, प्रिंटर मशीन, रैक में सजाए गए अन्य सामान और नकद राशि के साथ लगभग 50 लीटर पेट्रोल की चोरी कर ली गई।
इतना ही नहीं, चोरों ने घर को भी बाहर से लॉक कर दिया। जब अनिल केरकेट्टा ने आसपास के लोगों को फोन कर मदद मांगी और पड़ोसियों ने टॉर्च की रोशनी में बाहर झांका, तो दो-तीन अपराधी दिखाई दिए। बताया जा रहा है कि उनके हाथों में बंदूक जैसे हथियार थे, जिससे ग्रामीण डर के कारण घर से बाहर नहीं निकल सके।
ग्रामीणों ने बताया कि ऐसी घटनाएं अब ग्रामीण इलाकों में आम हो चुकी हैं, लेकिन कई लोग डर या झंझट के कारण रिपोर्ट दर्ज नहीं कराते, जिससे अपराधियों के हौसले और बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में रात्रि गश्ती को बढ़ाया जाए, अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
