चतरा, संजीत मिश्रा
झारखंड पुलिस ने 18 लाख के इनामी कुख्यात नक्सली आक्रमण गंझू को भारी मात्रा में हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। टीएसपीसी का रीजनल कमांडर आक्रमण गंझू झारखंड और बिहार में लंबे समय से सक्रिय था। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हंटरगंज क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे धर दबोचा। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने विदेशी और स्वदेशी हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया, जिसमें M-16 AI राइफल, SLR, 7 पिस्टल, हजारों गोलियां, मोबाइल फोन और अन्य संदिग्ध सामान शामिल है।
75 से अधिक मामलों में वांछित
चतरा एसपी विकास पांडेय के अनुसार, आक्रमण गंझू झारखंड और बिहार में कई आपराधिक मामलों में वांछित था। राज्य सरकार ने उस पर ₹15 लाख और NIA ने ₹3 लाख का इनाम घोषित कर रखा था। गिरफ्तारी के दौरान उसकी पत्नी नीलम देवी समेत तीन अन्य सहयोगी भी पकड़े गए हैं। पुलिस इनसे गहन पूछताछ कर रही है।
18 लाख के इनामी नक्सली आक्रमण गंझू की गिरफ्तारी
NIA और झारखंड पुलिस यह जांच कर रही है कि विदेशी हथियार नक्सलियों तक कैसे पहुंचे और इसमें कौन-कौन सफेदपोश शामिल हैं। एसपी ने नक्सलियों को आत्मसमर्पण की सलाह देते हुए कहा कि मुख्यधारा में लौटें, अन्यथा कठोर कार्रवाई के लिए तैयार रहें। झारखंड पुलिस की इस सफलता से नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाया गया है।