द फॉलोअप डेस्क
पिछले कुछ महीनों से अज्ञात ईमेल आईडी के माध्यम से टाटा मोटर्स के वरिष्ठ अधिकारियों और विद्या भारती चिन्मया विद्यालय, टेल्को से जुड़े पदाधिकारियों के खिलाफ लगातार झूठी शिकायतें और फर्जी फोटो भेजी जा रही थीं। ये शिकायतें टाटा समूह, टाटा मोटर्स प्रबंधन और कई सरकारी विभागों तक पहुंचकर संबंधित व्यक्तियों की छवि धूमिल करने तथा कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया जा रहा था।
इन फर्जी शिकायतों का असर टाटा मोटर्स से सेवा निवृत एवं विद्या भारती चिन्मया विद्यालय, टेल्को के चेयरमैन (अध्यक्ष) मानस कुमार मिश्रा, टाटा मोटर्स के वरिष्ठ अधिकारी वीएन सिंह, टाटा मोटर्स वरिष्ठ अधिकारी व विद्या भारती चिन्मया विद्यालय के सचिव विष्णु दीक्षित, टाटा मोटर्स के वरिष्ठ अधिकारी रजत सिंह समेत विभिन्न व्यक्तियों की छवि और कार्यक्षेत्र पर पड़ा और संगठनों के बीच अविश्वास और तनाव फैलाया जा रहा था।
जांच के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी के रूप में बारीडीह के आस्था ट्विन सिटी निवासी रमेश कुमार सिंह (43 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। वह टेल्को ऑफिसर्स कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी (TOCHS) में मैनेजर के रूप में कार्यरत था और समाज में वरिष्ठ नागरिकों तथा टाटा मोटर्स अधिकारियों के प्रति उसका व्यवहार पहले से विवादित था। पूछताछ में रमेश सिंह ने स्वीकार किया कि वह यह सब राजेश कुमार दास (पूर्व महाप्रबंधक, विधि विभाग, टाटा मोटर्स) के निर्देश पर कर रहा था। साइबर थाना, जमशेदपुर ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इस षड्यंत्र में शामिल अन्य लोगों की भी गहन जांच कर रही है।
