रांची
झारखंड सरकार के रेजिडेंट कमिश्नर अरवा राजकमल ने दिल्ली स्थित न्यू झारखंड भवन का विस्तृत औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान भवन की मेंटेनेंस, हाउसकीपिंग, रसोई संचालन, कर्मचारियों की उपस्थिति, कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का भौतिक सत्यापन किया गया. इस दौरान उन्होंने रसोई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि भोजन की आपूर्ति समय पर और बिना किसी विलंब के सुनिश्चित की जाए, ताकि भवन में ठहरे अतिथियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो. उन्होंने ऑनलाइन फीडबैक सिस्टम शुरू करने, मैनुअल रिकॉर्ड को नियमित रूप से अपडेट रखने, शौचालयों की साफ-सफाई बनाए रखने और कूड़ा-कचरा प्रबंधन को सही और प्रभावी तरीके से चलाने के भी सख्त निर्देश दिए.
उन्होंने कर्मचारियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं शिकायतों की जानकारी ली और समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए. उन्होंने अधिकारियों को न्यू झारखंड भवन को बेहतर प्रशासनिक तालमेल और जनसुविधाओं का आदर्श केंद्र बनाने के निर्देश दिए. साथ ही कर्मचारियों का पूरा और सही रिकॉर्ड रखने, कामकाज को ज्यादा पारदर्शी और तकनीक के जरिए आसान बनाने के लिए डिजिटल सिस्टम लागू करने पर जोर दिया. इसके अतिरिक्त, न्यू झारखंड भवन परिसर में उद्योग विभाग एवं JTDC कार्यालय प्रारंभ करने की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई, जिससे दिल्ली स्थित झारखंड भवन को राज्य के प्रशासनिक, औद्योगिक, पर्यटन एवं जनसंपर्क गतिविधियों के प्रभावी केंद्र के रूप में और अधिक सशक्त बनाया जा सके.
.jpeg)