गोड्डा:
तस्वीरें गोड्डा जिला के बसंतराय प्रखंड अंतर्गत मिल्लत हाईस्कूल धपरा की है। यहां स्कूली बच्चों द्वारा कबाड़ी को किताबें और कॉपियां बेची जा रही है। स्कूल के बरामदे में किताबों का ढेर लगा है और कबाड़ी उसे तराजू में नापकर किलो के भाव खरीद रहा है। बच्चे इस काम में कबाड़ी की सहायता करते नजर आ रहे हैं। किताबों के साथ प्रैक्टिकल की कॉपियां भी हैं।

स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर जताई नाराजगी
स्कूल परिसर में ही कबाड़ी को बुलाकर किताबें बेचने का यह वीडियो सामने आया तो पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों का सवाल है कि किताबें और कॉपियां बच्चों के हाथों क्यों और कैसे बेची जा रही है। यदि किताबें और कॉपियां बेकार थीं, तब भी उनको नष्ट करने या सुरक्षित तरीके से रखने की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की थी। इसे बच्चों को बेचने के लिए क्यों दिया गया। स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका तर्क है कि जहां बच्चों को नैतिक शिक्षा का पाठ पढ़ाना चाहिए, वहीं उनसे किताबें बिकवाई जा रही है।

शिक्षकों ने प्रैक्टिकल की कॉपियां होने का दिया हवाला
स्कूल प्रबंधन के खिलाफ लोगों में आक्रोश है। वहीं, इस मामले में स्कूल के शिक्षकों का कहना है कि बीते कई वर्षों से बच्चों की प्रैक्टिकल परीक्षा की कॉपियां जमा हो गई थीं। उनमें दीमक लग चुका है। स्कूल में उन्हें रखने की पर्याप्त जगह नहीं है। शिक्षकों का कहना है कि बच्चों ने इन्हें बेचने का प्रस्ताव दिया, हालांकि हमने मना किया था। शिक्षकों का कहना है कि बच्चों ने कुछ पैसों की खातिर इसे कबाड़ी को बेच दिया। स्कूल प्रबंधन का दावा है कि प्रैक्टिकल कॉपियों के साथ रखी किताबें भी बच्चों ने बेच दी।