logo

TMH में मरीज पिता को लेने आए बेटे की गार्ड्स ने सरेआम की पिटाई, वीडियो वायरल

KKLKL.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में बाइक लेकर प्रवेश करने के विवाद में एक मरीज के परिजन और सुरक्षाकर्मियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इसके बाद विवाद ने मारपीट का रूप ले लिया। फिर क्या था, करीब 5 से 6 की संख्या में टीएमएच में तैनात एसआईएस के गार्ड्स ने युवक को अस्पताल कैंपस में घेरकर उसकी सरेआम पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान मानगो के आजादनगर निवासी पीड़ित मो. सलीफुल और अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों के बीच जमकर मारपीट हुई।
घटना मंगलवार दोपहर की है। जानकारी के अनुसार, मो. सलीफुल अपने मरीज को छुट्टी कराकर घर ले जाने के लिए बाइक के साथ अंदर जाना चाह रहा था, तभी मेन गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक दिया। सुरक्षाकर्मियों ने पहले उसे हेलमेट पहनने और फिर बाइक बाहर खड़ी कर पैदल अंदर जाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।


मो. सलीफुल ने बताया कि उसके पिता अस्पताल में भर्ती थे और छुट्टी मिलने के बाद उन्हें लेने वह बाइक से पहुंचा था। इसी दौरान गेट पर सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक दिया और उसे हेलमेट पहनने को कहा। हेलमेट लगाने के बाद भी उसे अंदर जाने से रोक दिया गया। आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने उसके साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की। मना करने पर पांच-छह सुरक्षाकर्मियों ने मिलकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान मो. सलीफुल ने भी हेलमेट से सुरक्षाकर्मियों पर हमला किया।
इस पूरी घटना का वीडियो अस्पताल के सीसीटीवी और कई लोगों ने अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में युवक खुद को बचाने की कोशिश कर रहा है, जबकि आधा दर्जन गार्ड्स उसे पीटते दिख रहे हैं। इस दौरान युवक भी अपने बचाव में हेलमेट से सुरक्षाकर्मियों पर हमला करते दिख रहा है। ऐसे में लोगों का कहना है कि जहां मरीज और उनके परिजनों की सुरक्षा प्राथमिकता होनी चाहिए, वहीं इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।


दूसरी ओर हंगामे की सूचना मिलने पर युवक के परिजन और आजादनगर समेत जुगसलाई से कई लोग अस्पताल पहुंचे और सुरक्षाकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर टाटा मेन हॉस्पिटल के मुख्य गेट पर धरने पर बैठ गए।
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। इस दौरान करीब एक घंटे तक टीएमएच के मेन गेट पर हंगामेदार स्थिति बनी रही। मामले में दोनों पक्षों की ओर से थाना में लिखित शिकायत की गई है। पुलिस के अनुसार, अस्पताल परिसर में बाइक लेकर प्रवेश करने को लेकर विवाद हुआ था। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Tags - TMH JAMSHEDPUR VIRAL VIDEO LATEST NEWS JAMSHEDPUR KHABAR