गुमला
गुमला डीसी दिलेश्वर महतो के नाम से फेक व्हाट्सएप अकाउंट बनाया गया है. इस फेक अकाउंट से लोगों को मैसेज भेजा जा रहा है. इस घटना के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है और मामले की जांच कर ऐसे लोगों की पहचान कर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. प्रशासन की ओर से आम लोगों से अपील की गई है कि किसी भी फेक व्हाट्सएप या सोशल मीडिया अकाउंट पर भरोसा न करें. यदि किसी को इस तरह की जानकारी मिलती है तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या प्रशासनिक अधिकारियों को दें.
DC ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की
बता दें कि यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले भी डीसी के नाम से फेक फेसबुक अकाउंट बनाकर लोगों से ठगी करने का प्रयास किया जा चुका है. लगातार बढ़ रहे साइबर ठगी के मामलों को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. डीसी दिलेश्वर महतो ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. मोबाइल पर आने वाले किसी भी लिंक, ऐप या मैसेज को बिना जांचे-परखे उपयोग नहीं करना चाहिए, क्योंकि एक छोटी सी लापरवाही भारी नुकसान पहुंचा सकती है.
जिला और प्रकशन स्तर पर चलाया जाएगा जागरूकता अभियान
डीसी ने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से साइबर ठगी से बचाव को लेकर जिला और प्रखंड स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि लोगों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया जा सके. साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध मामले की जानकारी तुरंत प्रशासन और पुलिस को दें, ताकि साइबर अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके.
.jpeg)