logo

9 साल की छात्रा के साथ ऑटो चालक ने की छेड़खानी, आरोपी गिरफ्तार

auto14.jpg

कदमा/जमशेदपुर:

जमशेदपुर के कदमा थानाक्षेत्र में एक 9 वर्षीय छात्रा के साथ ऑटो चालक द्वारा छेड़खानी का मामला सामने आया है। दरअसल, छात्रा को स्कूल से घर छोड़ने जा रहे ऑटो चालक ने रास्ते में उसके साथ गलत हरकत की। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने पूरी बात अपने पिता को बताई जिसके बाद उन्होंने कदमा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज करायी। पुलिस के अनुसार, छात्रा के पिता ने मंगलवार को थाने में शिकायत की थी, जिसके बाद जांच शुरू की गयी। मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद कदमा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ऑटो चालक लाल बाबू को गिरफ्तार कर लिया। 

आरोपी ऑटो चालक लाल बाबू कदमा थानाक्षेत्र के रामनगर रोड नंबर-2 का रहने वाला है। मामले की जांच कदमा थाना के ASI तसव्वर हुसैन खान को सौंपी गयी है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। जिसके बाद बुधवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

स्कूली ऑटो चालकों पर पहले भी लग चुके हैं गंभीर आरोप
जमशेदपुर में स्कूली छात्राओं के साथ ऑटो चालकों द्वारा छेड़खानी और दुष्कर्म के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। इन घटनाओं में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इस साल 27 जनवरी को टेल्को कॉलोनी निवासी वैन चालक मनोज कुमार पर बिरसानगर की 5 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का आरोप लगा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

फरवरी 2025 में कक्षा 6 की छात्रा से छेड़खानी हुई थी
वहीं, 18 फरवरी 2025 को बिष्टुपुर में कक्षा छह की छात्रा के साथ मानगो निवासी ऑटो चालक वीरेंद्र पर छेड़खानी का आरोप लगा था। आरोपी छात्रा को लेकर जुबली पार्क पहुंच गया था, जहां स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। इसके अलावा 11 अगस्त 2024 को मानगो की एक छात्रा के साथ ऑटो चालक पर दुष्कर्म का आरोप लगा था। इस मामले में भी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था और ऑटो जब्त कर लिया था।

Tags - JamshedpurMolestationSchool Girl MolestAuto Rikshaw Driver