नंदलाल तुरी
जन लोक कल्याण परिषद, पाकुड़ के द्वारा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पाकुड़ में बाल विवाह मुक्त भारत के तहत जागरूकता एवं शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त श्री मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने छात्राओं को बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में विस्तृत जानकारी दी और उन्हें बाल विवाह मुक्त रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने बाल विवाह के शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों को उजागर करते हुए छात्राओं से जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
उपायुक्त ने विद्यालय में बनाई गई पेंटिंग और ड्राइंग की सराहना करते हुए बच्चियों की रचनात्मक प्रतिभा की प्रशंसा की। इसके साथ ही उन्होंने छात्राओं से आगामी 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी के बारे में जानकारी ली और कहा कि इस बार बोर्ड परीक्षा में पाकुड़ जिला को प्रथम स्थान दिलाना है। उन्होंने छात्राओं को परीक्षा को गंभीरता से लेने और पूरे मनोयोग से तैयारी करने की सलाह दी।
मनीष कुमार ने आगे कहा कि 12वीं के बाद बच्चियों को स्किल डेवलपमेंट प्रशिक्षण अवश्य लेना चाहिए, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें और अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकें। उपायुक्त ने विद्यालय के किचन का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और व्यवस्था की समीक्षा भी की। निरीक्षण में भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक और अच्छी पाई गई। कार्यक्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जन लोक कल्याण परिषद के पदाधिकारी, विद्यालय की वार्डेन और शिक्षिकाएँ भी उपस्थित थीं।
