logo

पाकुड़ जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों ने एनक्यूएएस मूल्यांकन में हासिल की बड़ी सफलता, राज्य में दूसरा स्थान

adtu5et.jpg

नंदलाल तुरी
पाकुड़ जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों ने वर्ष 2025-26 में एनक्यूएएस मूल्यांकन में बड़ी सफलता हासिल की है। हाल ही में भारत सरकार की टीम द्वारा किए गए मूल्यांकन में 26 आयुष्मान आरोग्य मंदिर एनक्यूएएस में सफल हुए हैं, जबकि 7 केंद्रों का परिणाम अभी आना बाकी है। एनक्यूएएस एसेसमेंट टीम अस्पताल में कई बिंदुओं की जांच करती है, जिनमें सेवा प्रावधान, संसाधन उपलब्धता, सहायक सेवाएं और सेवाओं की गुणवत्ता शामिल हैं। इसमें अस्पताल में उपलब्ध सभी सेवाएं, 24×7 सेवाओं की उपलब्धता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन एवं एनसीडी सेवाएं, रोगी अधिकार, शिकायत निवारण तंत्र, और सरकारी योजनाओं की जानकारी जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं को देखा जाता है। इसके अलावा, अस्पताल में भवन, पानी, बिजली, शौचालय, साफ-सफाई, मानव संसाधन, उपकरणों की उपलब्धता, दवाइयां, और आवश्यक रजिस्टरों की स्थिति की भी जांच की जाती है। सहायक सेवाओं के तहत बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, लॉन्ड्री, और स्टोर आपूर्ति प्रबंधन जैसे पहलुओं की भी समीक्षा होती है। इसके साथ ही ओपीडी, आईपीडी, इमरजेंसी सेवाओं, ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, और संक्रमण रोकथाम व्यवस्था जैसी सेवाओं की गुणवत्ता को भी परखा जाता है।
एनक्यूएएस प्रमाणन प्राप्त करने वाले संस्थान को 1 लाख 26 हजार रुपए मिलते हैं, जिसका उपयोग संस्थान के सुधार के लिए किया जाता है, जिससे वहां के आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलती हैं। उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि इस वर्ष 50 से अधिक आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का एनक्यूएएस मूल्यांकन किया जाएगा, और सदर अस्पताल को भी सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि उसे भी एनक्यूएएस और कलाकल्प सर्टिफिकेशन प्राप्त हो सके। स्वास्थ्य विभाग की टीम इस दिशा में लगातार काम कर रही है ताकि लक्ष्य समय से पहले हासिल किया जा सके। अब तक 26 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों ने एनक्यूएएस प्रमाणन प्राप्त किया है, और 2026 तक जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों का शत-प्रतिशत एनक्यूएएस सर्टिफिकेशन करवा लिया जाएगा। प्राप्त परिणामों के अनुसार, पाकुड़ जिले ने राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त किया है, और पूरा परिणाम आने के बाद जिले के पहले स्थान पर पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। इस उपलब्धि से जिले के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।


 

Tags - Latest jharkhand News Pakur news Pakur News updates latest updates Pakur Pakur news updates latest Pakur news Pakur News in hindi latest jharkhand News jharkhand news updates Pakur News Updates