logo

जामताड़ा में बेटी की शादी के सपनों पर छाया मातम, तमिलनाडु गए पिता 7 दिनों से लापता; CM से लगाई गुहार

जामताड़ा में बेटी की शादी के सपनों पर छाया मातम, तमिलनाडु गए पिता 7 दिनों से लापता; CM से लगाई गुहार

जामताड़ा:
जामताड़ा से एक भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है। बेटी की शादी के लिए पैसे कमाने और परिवार का भविष्य बेहतर बनाने की उम्मीद को लेकर तमिलनाडु गए 45 वर्षीय बबलू रावत पिछले सात दिनों से लापता हैं। परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका है। जहां एक ओर पूरा देश गणेश चतुर्थी और तीज जैसे पावन त्यौहारों के जश्न में डूबा है, वहीं जामताड़ा थाना क्षेत्र के फागुडीह गांव के एक घर में मातम पसरा हुआ है। बेटी की शादी धूमधाम से कराने और पैसे कमाने का सपना लेकर तमिलनाडु गए 45 वर्षीय बबलू रावत पिछले 7 दिनों से कोयंबटूर रेलवे स्टेशन से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हैं। इस खबर के सामने आने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में चूल्हा तक नहीं जला है।

नीचे दिए गए इस लिंक पर क्लिक करें:- 

​बेटी के हाथ पीले करने की चाहत में छोड़ा था घर
​फागुडीह निवासी बबलू रावत की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। घर में पत्नी दीपा देवी, बड़ी बेटी कल्पना कुमारी और एक छोटा बेटा सौरभ कुमार है। बेटी की शादी के लिए पैसे जुटाने के मकसद से बेटा सौरभ चार महीने पहले ही पढ़ाई छोड़कर बेंगलुरु काम करने चला गया था। हालांकि, बेटे की सीमित कमाई से शादी का भारी खर्च उठाना असंभव लग रहा था। इसी मजबूरी में, बेटे का बोझ हल्का करने और बेटी का ब्याह अच्छे से रचाने के इरादे से बबलू रावत 7 दिन पहले तमिलनाडु में काम करने के लिए निकले थे। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था; मंजिल पर पहुंचने और काम शुरू करने से पहले ही वे कोयंबटूर रेलवे स्टेशन से अचानक गायब हो गए।

​स्थानीय पुलिस से निराशा, अब हेमंत सोरेन से उम्मीद
​घटना के बाद से परिजनों और रिश्तेदारों ने अपने स्तर पर तलाश की काफी कोशिशें कीं, लेकिन बबलू का कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि तमिलनाडु के संबंधित थाने की पुलिस उन्हें बिल्कुल सहयोग नहीं कर रही है। दर-दर भटकने और निराश होने के बाद, अब पीड़ित परिवार ने झारखंड सरकार का दरवाजा खटखटाया है।

​"मुख्यमंत्री जी गोड़ लागत छी, स्वामी के खोज दिय"
​लापता बबलू रावत की पत्नी दीपा देवी और बेटी कल्पना कुमारी बेहद बदहवास हालत में हैं। बिलखती हुई पत्नी दीपा देवी हाथ जोड़कर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से गुहार लगा रही हैं, "मुख्यमंत्री जी, गोड़ लगते हैं... किसी तरह मेरे स्वामी को खोजकर मेरे पास पहुंचा दीजिए।" बेटी कल्पना भी अपने पिता की सकुशल घर वापसी के लिए मुख्यमंत्री और जामताड़ा जिला प्रशासन से लगातार प्रार्थना कर रही है। इस दुखद घटना से न केवल पीड़ित परिवार बल्कि पूरे फागुडीह गांव में शोक और चिंता की लहर है। गांव वाले भी राज्य सरकार और जामताड़ा प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि वे तमिलनाडु पुलिस से संपर्क साधकर बबलू रावत को सकुशल वापस लाने की त्वरित पहल करें।

Tags - Jamtara News Bablu Rawat Missing Missing Person Tamil Nadu News Jharkhand News