logo

सीएम हेमंत के 'कुंडली मार' बयान पर भड़के बाबूलाल, गवर्नर के सपोर्ट में कही ये बड़ी बात

MARANDI4.jpeg

रांची 

झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन के बरहेट में दिये कुंडली मारने वाले बयान पर बीजेपी ने कड़ा रुख अपना लिया है। झारखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरंडी ने गवर्नर का सपोर्ट करते हुए इसका जवाब दिया है। कहा है कि सीएम हेमंत को कुछ भी बोलने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिये। उन्होंने इस बाबत ट्वीट भी किया है। उन्होंने उल्टे हेमंत से सवाल किया है कि आदिवासियों की जमीन, युवाओं के भविष्य और राज्य के भ्रष्ट अफसरों के खिलाफ कार्रवाई पर कौन कुंडली मारकर बैठ गया है। कहा है कि इसका एक जवाब है- सूबे का मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन।  

 

बाबूलाल ने क्या कहा है ट्वीट में 

बालूलाल मरांडी ने ट्वीट में लिखा है, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कह रहे हैं कि राज्यपाल महोदय आदिवासी धर्मकोड और ओबीसी आरक्षण बिल पर कुंडली मारे बैठे हैं, लेकिन मैं पूछता हूं, हेमंत जी, आदिवासियों की जमीन हड़प कर कुंडली मारे कौन बैठा है। जेपीएससी, जेएसएससी परीक्षा में सीटों को बेचकर कुंडली मारे कौन बैठा है। स्थानीय नीति और नियोजन नीति के जाल में उलझा के युवाओं का भविष्य चौपट कर कुंडली मारे कौन बैठा है। 5 लाख रोजगार और 5 हजार बेरोजगारी भत्ता के वादे पर कुंडली मारे कौन बैठा है। भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की अनुशंसा वाले फाइलों पर कुंडली मारे कौन बैठा है। जनता पर अत्याचार करने वाले अपराधियों के संरक्षण में कुंडली मारे कौन बैठा है। बाबूलाल ने ट्वीट कर इसका जवाब दिया है। कहा है, सभी सुलगते प्रश्नों का एक ही उत्तर है- सीएम हेमंत सोरेन। 

क्या कहा है सीएम हेमंत सोरेन ने 
बता दें मुख्यमंत्री शुक्रवार को बरहेट के गोपालाडीह में आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार अभियान के तीसरे चरण का शुभारंभ करने के बाद सभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने पिछड़े वर्ग को 27 फीसदी आरक्षण देने व गरीबों के आरक्षण को बढ़ाने के लिए विधानसभा से बिल पास कर कानून बनाने के लिए कदम बढ़ाया, लेकिन राजभवन इस पर कुंडली मारकर बैठ गया है। सरना धर्म कोड पर भी विरोधी कुंडली मारकर बैठे हैं। उन्होंने आगे कहा कि कई राज्यों में राज्यपाल केंद्र सरकार के प्रचार-प्रसार में लगे हुए हैं।