logo

बाबूलाल ने हेमंत सोरेन को बताया ‘पेशेवर लुटेरा’, कहा- सोरेन परिवार ने नाम बदलकर आदिवासियों की जमीन लूटी

Bablal_Marandi.jpg

द फॉलोअल डेस्क
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनके पूरे परिवार पर तीखा हमला बोला। हमला बोलने में आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल करने से भी गुरेज नहीं किया उन्होंने। फ्रॉड, लुटेरा समेत दूसरे आपत्तिजनक शब्दों से सोरेन परिवार पर हमला बोला।


दरअसल, बाबूलाल मरांडी अपनी संकल्प यात्रा को लेकर आज रांची में प्रेस कॉनफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। इसमें उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा, “आदिवासी मुख्यमंत्री होकर उन्होंने आदिवासियों को ही लूटा। राज्य में कानून-व्यवस्था पर लगाम नहीं है। भ्रष्टाचार चरम पर है। ईडी की कार्रवाई पर खुद को आदिवासी बताने लगते हैं। कोई गलत नहीं किया है, तो ईडी का जवाब दीजिये। गड़बड़ी करेंगे और सीनाजोरी भी करेंगे। ऐसा कैसे चलेगा? राज्य के मुख्यमंत्री गलत करते हैं, फिर बड़े-बड़े वकील लाते हैं। जिस राज्य का मुख्यमंत्री फ्रॉड करता हो, उसका क्या होगा?”


लांघ गये शब्दों की मर्यादा
बाबूलाल मरांडी की तल्खी यहीं नहीं रुकी। बोलते-बोलते वह शब्दों की मर्यादा लांघ गये और कह डाला कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पैदाईश ही गड़बड़ है, वह पेशेवर लुटेरा है। उन्होंने आगे कहा, “आपलोगों ने हेमंत सोरेन नाम तो सुना होगा, लेकिन हेमंत कुमार सोरेन का नाम नहीं सुना होगा। शिबू सोरेन का नाम भी सुना होगा, लेकिन शिव सोरेन का नाम नहीं सुना होगा। मैं आपको बता रहा हूं कि शिबू सोरेन का नाम ‘शिव सोरेन’ करके हेमंत सोरेन, स्वर्गीय दुर्गा सोरेन और बसंत सोरेन ने फ्रॉड करके जमीन खरीदी। आदिवासियों की जमीन लूटी। ऐसी सैकड़ों प्रॉपर्टीज हैं, जो यहां से लेकर संथाल तक हैं।”


“बर्खास्त कर जेल भेज देना चाहिए हेमंत सोरेन को”
मरांडी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को बर्खास्त कर देने चाहिए और जेल भेज देना चाहिए। उन्होने कहा कि संकल्प यात्रा के दौरान वह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जुड़ी कई जानकारियां साझा करेंगे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N