द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस के पूर्व मंत्री योगेंद्र साव की ओर से सरकार पर लगाए गए आरोपों को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता अपनी सरकार को महाभ्रष्ट बता रहे हैं, तो इससे सरकार की कार्यशैली और उसकी छवि पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कई नेताओं की सोच भी सरकार को लेकर ऐसी ही है, लेकिन कोई मंत्री पद के कारण चुप है तो कोई कथित आर्थिक हितों की वजह से आवाज नहीं उठा रहा। मरांडी ने राहुल गांधी से सवाल किया कि नियुक्तियों और नौकरी से जुड़े मामलों में सरकार की भूमिका को करीब से देखने के बावजूद वह लगातार सरकार का समर्थन क्यों कर रहे हैं।
झारखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री योगेंद्र साव जी जब अपनी ही सरकार के मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM जी को महाभ्रष्ट बता रहे हैं, तो सोचिए आम जनमानस में मुख्यमंत्री की छवि कैसी होगी? @RahulGandhi जी, कांग्रेस के अधिकांश नेता भी ऐसा ही मानते हैं, लेकिन कुछ मंत्री पद पर आसीन होने के कारण चुप हैं, तो कुछ आर्थिक लाभ के कारण चुप्पी साधे हुए हैं। आपने तो नौकरी बेचने और नियुक्तियों में हुई धांधली में मुख्यमंत्री की भूमिका को भी नजदीक से देखा है। इसके बावजूद ऐसी क्या मजबूरी है कि आप ऐसे मुख्यमंत्री का समर्थन कर रहे हैं? क्या पत्थर, बालू, कोयला, लौह अयस्क के अवैध खनन, टेंडर में कमीशनखोरी और ट्रांसफर पोस्टिंग से होने वाली काली कमाई में हिस्सेदारी के कारण आप धृतराष्ट्र की तरह आंखें बंद किए हुए हैं? इन सवालों का जवाब आपको देना ही पड़ेगा। क्योंकि आज योगेंद्र साव जो सवाल पूछ रहे हैं, कल पूरा झारखंड आपसे पूछेगा। @BJP4India @narendramodi @AmitShah @NitinNabin @blsanthosh @BJP4Jharkhand
— Babulal Marandi (@yourBabulal) September 18, 2026

अवैध खनन और ट्रांसफर-पोस्टिंग को लेकर भी सवाल
बाबूलाल मरांडी ने पत्थर, बालू, कोयला और लौह अयस्क के कथित अवैध खनन, टेंडर में कमीशन और ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़ी कथित कमाई के आरोपों का भी जिक्र किया। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या इन कथित आर्थिक गतिविधियों में हिस्सेदारी की वजह से वह सब कुछ जानते हुए भी चुप हैं। मरांडी ने कहा कि आज ये सवाल योगेंद्र साव उठा रहे हैं, लेकिन आने वाले समय में यही सवाल झारखंड की जनता राहुल गांधी से करेगी।
