logo

बाबूलाल मरांडी ने झारखंड सरकार से कहा- सुरंग से लौटे मजूदरों के लिए राज्य में ही हो रोजगार सुनिश्चित 

सकह.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने उत्तरकाशी के सुरंग से 17 दिनों के बाद बाहर निकले मजदूरों के लिए प्रसन्नता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि 17 दिनों तक श्रमिक भाईयों को भय और दहशत में जिंदगी गुजारनी पड़ी लेकिन उनका सुरक्षित बाहर आना एक अविस्मरणीय सुखद पल है। जिसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में यह बचाव एवं राहत कार्य सफल हुआ।


सुरंग से निकले मजदूरों के लिए झारखंड में हो व्यवस्था
बाबूलाल मरांडी ने मजदूरों के बचाव एवं राहत कार्य में लगे केंद्र एवं उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों, एनडीआरएफ टीम के प्रति उनके प्रयास एवं परिश्रम के लिए आभार प्रकट किया। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड के सभी मजदूर सुरक्षित लौट रहे हैं। राज्य सरकार से अनुरोध किया उनके लिए विशेष सहायता एवं स्थानीय स्तर पर ही उनके लिए रोजगार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें।


सुरक्षित बाहर निकाले जाने पर  मनी दिवाली
उत्तराखंड टनल में फंसे मजदूरों के सुरक्षित बाहर आते ही भाजपा प्रदेश कार्यालय में खुशियां मनाई गई। प्रदेश कार्यालय में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री डॉ प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय, विधायक अनंत कुमार ओझा सहित कार्यकर्ताओं ने दीप जलाकर मनाई खुशियां। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी सहित सहायता कार्य में जुटे सभी  का आभार प्रकट किया।