logo

बाबूलाल ने अफसरों को चेताया कहा, भ्रष्टाचार का टूल न बनें; करनी का फल भुगतना होगा

MARANDI3.jpeg

रांची 

झारखंड बीजेपी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने झारखंड के भ्रष्ट अफसरों को चेतावनी दी है। कहा है कि वे हेमंत सरकार के भ्रष्टाचार का टूल न बनें। उनको एक न एक दिन करनी का फल भुगतना होगा। बता दें कि मरांडी का इशारा रांची के होटवार जेल में छापेमारी के बाद हुए खुलासों की ओर है। होटवार जेल में पिछले दिनों ED ने छापेमारी की थी। इसमें झारखंड के खनन और भूमि घोटालों की जांच कर रहे ED अफसरों को फंसाने की साजिश का खुलासा हुआ है। साथ ही ED को नुकसान पहुंचान के लिए कुछ सरकारी अफसरों की साठगांठ से नक्सिलियों से संपर्क करने की बात सामने आयी है। इस मामले में ED होटवार जेल के कलर्क, अधीक्षक और जेलर को पूछताछ के लिए तलब कर चुकी है। बाबूलाल मरांडी ने अपने ट्वीट में इन भ्रष्ट अफसरों पर निशाना साधा है।

 

हेमंत से किया सीधा सवाल

उन्होंने ट्वीट कर लिखा है, अख़बारों में नित नये खबरों में देख रहा हूं कि जेल से लेकर पुलिस और प्रशासन के कुछ लोग तक सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। सभी लोभ-लालच में बारी-बारी से ग़लत काम कर फंसते जा रहे हैं। जेल सेवा के हामिद, नसीम, दानिश के बाद अब एसपी नौशाद। उन्होंने इस बाबत सीएम हेमंत सोरेन से सीधा सवाल किया है। आगे कहा है, साहिबगंज के एसपी नौशाद आलम को ED ने विजय हांसदा को होस्टाईल करा गवाही से मुकरने में सक्रिय भूमिका निभाने के आरोप में तलब किया है। 

हांसदा को मदद पहुंचाने का आरोप 

बाबूलाल ने कहा है, आरोप तो यहां तक है कि विजय हासंदा को कैश निकासी कराने के लिए वहां के डीसी और एसपी साहिबगंज खुद गाड़ी लेकर रांची आये थे। इस दौरान और कई “महानुभावों”से उनको मिलवाया था। परदे के पीछे छिप कर शतरंजी चाल चलने वाले ऐसे सारे चेहरों के नाम सामने आना ज़रूरी है। बाबूलाल मरांडी ने ED से आग्रह किया है कि ऐसे लोगों के साथ कड़ाई के साथ पेश आयें। पूरे गिरोह एवं उनके कारनामे का पर्दाफ़ाश करें। ताकि दूसरे लोग इससे सबक़ लें और क़ानून से हटकर काम करने से पहले एक सौ बार सोचें।