रांची
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी JMM (झारखंड मुक्ति मोर्चा) के निशाने पर हैं। जब से बाबूलाल ने अपनी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़ा किया है, तब से JMM सोशल मीडिया पर उन्हें ही घेरने में जुटा हुआ है। आज JMM जामताड़ा ने अपने ट्विटर (अब एक्स) पर एक अख़बार की कटिंग लगाते हुए लिखा —
“इससे अधिक हास्यास्पद बात कुछ और नहीं हो सकती।
बाबूलाल जी, झारखंड में आपकी राजनीतिक हैसियत और प्रासंगिकता ढेले भर की भी नहीं बची है।
विश्व की सबसे अमीर पार्टी का वेंटिलेटर आपसे हटा दिया जाए, तो आपके कोदईबाक में आपको कोई नेता न माने!
2019 में संथालिया को खड़ा करके और 2024 में निरंजन राय को बैठाकर किसी तरह गिरते-पड़ते आप सदन पहुँचे हैं, यह बात याद रखिए।
आप झारखंड मुक्ति मोर्चा के सबसे तगड़े एसेट हैं। आपसे ज़्यादा हैसियत तो AJSU के प्रखंड अध्यक्ष की है हुज़ूर!
आप शतायु हों, यशस्वी हों — यही कामना है, लेकिन ऐसी घटिया हरकतों से आप सिर्फ़ मज़ाक़ के पात्र बन रहे हैं!
वैसे कहीं कमला संगठन के जमशेदपुरिया महामहिम ने हड़का तो नहीं दिया?
जिसकी खीझ आप निकाल नहीं पा रहे?”
इसके बाद JMM के ऑफ़िशियल हैंडल से भी बाबूलाल को निशाना बनाया गया। JMM ने ट्वीट करते हुए लिखा —
“जब बाबूलाल जी का मन नहीं लग रहा होता है, तो वे Comic Press Briefings by बाबूलाल शुरू कर देते हैं।
बाबूलाल जी, आपको ख़तरा अपने दल के पूर्व, पूर्व, पूर्व एवं पूर्व से है।
हमारे लिए तो आप 'asset' हैं।”
दो बार बाबूलाल बता चुके हैं ख़तरे के बारे में
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी दो बार प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर इस ख़तरे के बारे में बोल चुके हैं। एक बार उन्होंने भाजपा प्रदेश कार्यालय में यह बात कही थी। उसके बाद उन्होंने गिरिडीह में मीडिया से बात करते हुए फिर से यही बात दोहराई और कहा कि उनका और उनके परिवार का चरित्र हनन करने का प्रयास किया जा सकता है।