logo

बेबी देवी आज लेंगी मंत्री पद की शपथ, घर के बाद अब संभालेंगी पति की राजनीतिक विरासत

baby_devi.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पूर्व शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो की पत्नी बेबी देवी आज मंत्री पद की शपथ लेंगी। बेबी देवी हेमंत सोरेन कैबिनेट के 11 वें मंत्री के रूप में आज शपथ लेंगी। राज्यपाल सीपी राधाकृष्ण आज उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। जानकारी के अनुसार दिन के 12:30 बजे वो राजभवन के दरबार हॉल में शपथ लेंगी। बता दें कि जगरनाथ महतो के निधन के बाद यह जगह खाली हुई थी। जिसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि उनकी पत्नी या फिर उनके बेटे को उत्तराधिकारी बनाया जाएगा। बता दें कि चेन्नई में इलाज के दौरान शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो का निधन छह अप्रैल को हो गया था। जगरनाथ महतो डूमरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। उनके निधन के बाद 90 दिनों से डूमरी विधानसभा चुनाव और मंत्री पद के शपथ को लेकर कयास चल रहे थे।


2019 के बाद वो दूसरी शख्स 
बेबी देवी आज राजभवन में मंत्री पद की शपथ लेंगी। बता दें कि वह 2019 के बाद वो दूसरी शख्स हैं जिन्हें बिना सदन की सदस्यता के ही मंत्री बनाया जा रहा है। उनसे पहले हफीजुल हसन को मंत्री बनाया गया था। इस कड़ी में बेबी देवी ने रांची आकर जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात भी की थी। शिबू सोरेन ने उन्हें भरोसा भी दिया था। वहीं आज वो मंत्री पद की शपथ लेने जा रही हैं। बेबी देवी के आवास पर रविवार को गहमागहमी रही। झामुमो नेताओं व कार्यकर्ताओं के आने-जाने का सिलसिला लगा रहा। सभी ने बेबी देवी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

कौन है बेबी देवी

बता दें कि बेबी देवी की पहचान हमेशा एक कुशल ग्रहणी के रूप में ही रही है। पूर्व में कभी कबार वह जगन्नाथ महतो के साथ पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होती थी। मंत्री के निधन के बाद से पिछले ढाई महीने महीने से अपने डुमरी विधानसभा क्षेत्र में पार्टी कार्यक्रमों में सक्रिय रूप भाग ले रही हैं।  बेबी देवी अपने पुत्र अखिलेश महतो के साथ जाती थीं। बेबी देवी की चार पुत्रियां और एक पुत्र है। इनमें सबसे बड़ी पुत्री सुनीता देवी,रानी देवी,पूनम देवी और गीता देवी हैं। सभी की शादी हो चुकी है। अखिलेश महतो सबसे छोटे हैं जिनकी अभी शादी नहीं हुई है।