logo

Ranchi : फिल्म 'स्प्रिंग थंडर' को लेकर बोले बगोदर विधायक विनोद सिंह, फिल्मकारों को मिले सहूलियत

shriramdalton.jpg

रांची: 

झारखंड के लोकप्रिय फिल्मकार श्रीराम डाल्टन और बॉलीवुड सहित क्षेत्रीय भाषाओं की मशहूर पार्श्व गायिका मेघा श्रीराम डाल्टन ने स्प्रिंग थंडर नाम की फिल्म बनाई है। स्प्रिंग थंडर झारखंड में जल, जंगल और जमीन के मुद्दे पर आधारित है। इस फिल्म में खनन उद्योग से जल, जंगल और जमीन सहित विस्थापन जैसी समस्याओं को मार्मिक ढंग से उजागर किया गया है। 

फिल्मकारों को सहूलियत की मांग
बगोदर विधानसभा क्षेत्र से माले विधायक विनोद सिंह ने फेसबुक पोस्ट के जरिए स्प्रिंग थंडर का जिक्र करते हुए झारखंड के फिल्मकारों को सहूलियत देने की मांग की है। फेसबुक पोस्ट में विनोद सिंह ने लिखा है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी! संज्ञान लें। राज्य के फिल्मकारों को सहूलियत मिले। उनका सहयोग हो। गौरतलब है कि झारखंड की मूल समस्याओं तथा जरूरतों को लेकर बनी इस फिल्म का निर्देशन फिल्मकार श्रीराम डाल्टन ने किया है। उनकी पत्नी और शिवाय फेम गायिका मेघा श्रीराम डाल्टन भी फिल्म के निर्माताओं में से एक हैं। श्रीराम डाल्टन का कहना है कि उन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई इस फिल्म के निर्माण में लगाई है। 

 

श्रीराम डाल्टन द्वारा अनोखा प्रमोशन
हाल के दिनों में श्रीराम डाल्टन और मेघा श्रीराम डाल्टन झारखंड के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने झारखंड में कई इलाकों का दौरा किया। निर्देशक श्रीराम डाल्टन खुद पोस्टर लेकर राजधानी रांची की सड़कों पर फिल्म का प्रमोशन करते दिखे। नेतरहाट में एक कार्यक्रम के दौरान जमा आदिवासियों के लिए फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग रखी गई। श्रीराम डाल्टन का कहना है कि झारखंड के लोगों को एक बार ये फिल्म जरूर देखनी चाहिए। इसमें बिना किसी फिल्टर के सीधी बात रखी गई है। 

फिल्म नीति के इंतजार में हैं फिल्मकार
रांची में फिल्म के प्रमोशन के दौरान श्रीराम डाल्टन ने द फॉलोअप से खास बातचीत की थी। बातचीत में उन्होंने कहा था कि झारखंड में अभी भी फिल्मकारों को वो सपोर्ट नहीं मिल पा रहा है। ना ही आर्थिक सहयोग मिलता है और ना ही संसाधन। गौरतलब है कि झारखंड में फिल्म नीति बनाने की चर्चा हुई थी। कमिटी का गठन किया गया था।

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता अनुपम खेर को ब्रांड अंबेसडर बनाया गया था लेकिन बात आगे नहीं बढ़ सकी। इस बीच झारखंड के कई कलाकारों ने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई है। नीरज काबी, जीशान कादरी और राजेश जैस इनमें से उल्लेखनीय नाम हैं।