द फॉलोअप डेस्क
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ। सांसद निशिकांत दुबे ने उस वीडियो को अपने ट्विटर अकांउट से भी जारी किया। इसको लेकर मंत्री बन्ना गुप्ता ने एफआईआर कराया है। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया में मेरी छवि को धूमिल करने और राजनीतिक विद्वेष भावना के साथ राज्य के कुछ प्रमुख राजनीतिक विरोधियों ने एक सोची समझी साजिश के तहत, एक फेक और एडिट वीडियो को जानबूझ कर वायरल किया है। वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि फोटो शॉप या अन्य किसी एडिटिंग ऐप के माध्यम से यह कुकृत्य किया गया है। जिसके विरुद्ध मैंने FIR करवा दिया है। जल्द ही इस मामले में पुलिस जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। जिन लोगों ने इस फर्जी और एडिटेड वीडियो के माध्यम से मुझे फंसाने का कार्य किया है उन सभी के खिलाफ भी कानूनी कार्यवाई करूंगा। सत्यमेव जयते!

जानें क्या है पूरा मामला
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का एक वीडियो सोशल मीडिया में रविवार को अचानक से वायरल हुआ। इस वीडियो में एक युवती से अश्लील बात करते नजर आ रहे हैं। 21 सेकंड के इस वीडियो को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा है कि “यह है कांग्रेस का चरित्र, झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता जी का यह तथाकथित माजरा है। महिलाओं के इज्जत से खेलना, कांग्रेस कार्यकर्ता सुशील शर्मा का अपने पत्नी को तंदूर में जलाना, काश गांधी परिवार समझ पाता, यदि यह सही है तो कांग्रेस के लिए डूब मरने वाली बात है”।
