logo

धार्मिक स्थल पर फेंका गया प्रतिबंधित मांस, धमकी भरा पर्चा भी छोड़कर गये अपराधी

tandwa.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
चतरा जिले में आपसी सौहार्द खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। टंडवा थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन धार्मिक स्थल पर कुछ लोगों ने प्रतिबंधित मांस फेंका है। साथ ही एक धमकी भरा पर्चा भी छोड़ा गया है। जिसमें धार्मिक स्थल नहीं बनाने की चेतावनी दी गई है। वहीं ऐसा ना करने पर अंजाम भुगतने को तैयार रहने को कहा गया है। असामाजिक तत्वों के द्वारा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की धमकी एक समुदाय के लोगों को दी गई है। धार्मिक स्थल पर ऐसे कुकृत्य को लेकर पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। 


24 घंटे का दिया अल्टीमेटम 
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माणाधीन धार्मिक स्थल का मुआयना किया। इसके अलावा तनाव को देखते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधि और बुद्धिजीवियों की मदद से ग्रामीणों से बात की गई। प्रशासन की अपील के बाद लोग थोड़ा शांत हुए। पुलिस ने प्रतिबंधित मांस और धमकी भरे पर्चे को जब्त कर लिया है। पुलिस अपराधियों की धरपकड़ में जुट गई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले में कुछ भी कहने को तैयार नहीं है। लेकिन इस घटना से एक समुदाय के धार्मिक संगठन के लोगों में खासा आक्रोश है। धार्मिक संगठन के लोगों ने 24 घंटे के भीतर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N