पाकुड़
पाकुड़ जिले के आमडापाड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। सिंगारसी-आमडापाड़ा मुख्य सड़क पर मालीपाड़ा ढलान के समीप बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, बारात सुंदरपहाड़ी क्षेत्र से लौट रही थी। इसी दौरान मालीपाड़ा गांव के पास ढलान पर बस चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार कई बाराती गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दो लोगों की मौके पर मौत, कई की हालत गंभीर
हादसे में आलेन मुर्मू (64 वर्ष), पिता बजार मुर्मू तथा राजेश टुडू (16 वर्ष), पिता मुंशी टुडू, दोनों निवासी परियारदाहा, महेशपुर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 50 से अधिक घायल बारातियों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के अनुसार कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पुलिस जांच में जुटी, क्षेत्र में शोक की लहर
घटना की सूचना मिलते ही आमडापाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे इलाके में शोक का माहौल है।