द फॉलोअप डेस्क
यूपी के बाराबंकी जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां मामूली विवाद मुफ्त की पपड़ी न मिलने को लेकर दबंगों ने एक होटल को पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले कर दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। घटना माती थाना क्षेत्र के चकहार गांव में स्थित अभिषेक यादव के होटल की है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात करीब 9:30 बजे लखनऊ नंबर की कार से आए चार युवकों ने गोलगप्पे खाने के बाद मुफ्त की पपड़ी मांगी। इस बात पर होटल संचालक के भाई विवेक यादव से उनकी कहासुनी हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। विवाद के बाद युवक धमकी देकर वहां से चले गए और करीब डेढ़ घंटे तक इलाके में तनाव बना रहा। रात करीब 1:30 बजे वही युवक दोबारा लौटे और पेट्रोल से भरी बोतल लेकर होटल पर पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि उन्होंने शटर और काउंटर पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे देखते ही देखते पूरा होटल जलकर राख हो गया।
यूपी: 'पपड़ी' विवाद के बाद लगाई "आग"
— Shahnawaz(News24) (@Shahnawazreport) April 24, 2026
बाराबंकी में मिठाई की एक दुकान पर कार सवार चार युवक गोल गप्पे खाने पहुंचे। झक कर गोल गप्पे खाये।
युवक़ों ने दुकानदार से एक्स्ट्रा पपड़ी मांग ली। इसी पर दुकानदार और युवक़ों में झगड़ा बन गया।
रात में इन्हीं में से दो युवक मिठाई की दुकान पर… pic.twitter.com/Qw5pKyHT1f

फायरिंग और दहशत, पुलिस पर सवाल
पीड़ित परिवार का आरोप है कि दबंगों ने आगजनी के बाद पिस्टल से हवाई फायरिंग भी की। पीड़ित दुकानदार विवेक यादव ने कहा कि आरोपी खुलेआम हथियार लहराते रहे, लेकिन कोई बाहर नहीं निकल सका। घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद स्थानीय पुलिस द्वारा अब तक अज्ञात हमलावरों पर मुकदमा दर्ज नहीं करने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने कहा है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

व्यापारियों में आक्रोश, प्रदर्शन की चेतावनी
इस घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। घटना ने एक बार फिर छोटे व्यापारियों की सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।